दिल्ली में इमारत ढहने के 30 घंटे बाद, एक ही परिवार के चार लोगों को जीवित बचाया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Jan 2025 08:06 PM
दिल्ली में इमारत ढहने के 30 घंटे बाद, एक ही परिवार के चार लोगों को जीवित बचाया गया

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के बुराड़ी इलाके में बहुमंजिला इमारत ढहने की घटना के 30 घंटे से अधिक समय बाद एक परिवार के चार लोगों को मलबे से जीवित बाहर निकाला गया है. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि राजेश (30), उसकी पत्नी गंगोत्री (26), छह वर्षीय बेटा प्रिंस और तीन वर्षीय बेटे रितिक को मंगलवार रात बचाया गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया.

अधिकारियों के अनुसार, नवनिर्मित इमारत की छत का एक हिस्सा रसोई गैस सिलेंडर पर गिरा जिससे मलबा उन पर नहीं गिरा और वे दबने से बच गए. सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें परिवार के सदस्य दो बच्चों के साथ एम्बुलेंस में बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं.

राजेश ने पत्रकारों से कहा, ”मेरा बड़ा बेटा छह साल का है और छोटा बेटा तीन साल का है. हम भगवान के शुक्रगुजार हैं कि हम बच गए.” ‘ऑस्कर पब्लिक स्कूल’ के पास चार मंजिला आवासीय इमारत सोमवार शाम ढह गई थी जिसमें दो नाबालिगों सहित पांच लोगों की मौत हो गई.

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बांठिया ने कहा, ”बचाव अभियान अभी जारी है और बुधवार देर रात तक इसके जारी रहने की संभावना है. दिल्ली पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और दिल्ली अग्निशमन सेवा की कई टीम रात-दिन काम कर रही हैं.” उन्होंने बताया कि अब तक 21 लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है, जिसमें से 16 की जान बच गई और पांच लोगों की मौत हो गई.

पुलिस अधिकारी ने कहा, ”बचाव अभियान अब भी जारी है. मलबे में कुछ और लोग फंसे हो सकते हैं.” पुलिस ने इमारत के मालिक योगेंद्र भाटी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि उन्होंने मलबे के नीचे लोगों की तलाश के लिए श्वान दस्ते को भी बुलाया है.

By Yogesh Kumar Sahu