इजराइल के हवाई हमले में गाजा में 46 लोगों की मौत, लेबनान में 33 लोग मारे गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Nov 2024 08:46 PM
इजराइल के हवाई हमले में गाजा में 46 लोगों की मौत, लेबनान में 33 लोग मारे गए
ऑडियो सुनें

दीर अल-बला/वाशिंगटन. इजराइली सेना द्वारा गत 24 घंटे में किये गए हवाई हमलों में गाजा पट्टी में 46 लोगों की मौत हो गई जबकि लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगर पर मंगलवार को की गई बमबारी में 33 अन्य लोगों की जान चली गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. गाजा के चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि इलाके के उस क्षेत्र को भी निशाना बनाया गया जिसे इजराइल ने मानवीय क्षेत्र घोषित किया गया. गाजा में जान गंवाने वाले 46 लोगों में से 11 लोग इसी क्षेत्र के एक अस्थायी कैफेटेरिया में मौजूद थे.

लेबनान में, मंगलवार को लड़ाकू विमानों ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमला किया और देश के अन्य हिस्सों में 33 लोगों की जान ले ली. इजराइल द्वारा नवीनतम बमबारी ऐसे समय में की गई है जब अमेरिका ने कहा है कि वह गाजा में और अधिक मानवीय सहायता भेजने की समय-सीमा बीत जाने के बाद भी इजराइल को दी जाने वाली अपनी सैन्य सहायता में कमी नहीं करेगा.

लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में बड़े धमाके सुने गए. इस इलाके को दहियाह के नाम से जाना जाता है और यहां पर हिजबुल्ला की उपस्थिति मानी जाती है. इससे पहले इजराइल की सेना ने वहां 11 घरों को खाली करने की चेतावनी जारी की थी.
हताहतों की संख्या के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी गई. इजराइली सेना ने बताया कि उसने हिजबुल्ला के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है जिसमें कमान केंद्र और हथियार उत्पादन स्थल शामिल हैं, लेकिन उसने कोई सबूत नहीं दिया.

इजराइली हमले में बेरूत के पूर्व में स्थित एक अपार्टमेंट बिल्डिंग ध्वस्त हो गई जिसमें कम से कम छह लोग मारे गए. वाएल मुर्तदा ने बताया कि नष्ट हुई इमारत उनके चाचा की थी और उसमें रह रहे लोग पिछले महीने दहियाह से भाग कर आए थे. उन्होंने कहा कि मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं और अन्य लोग लापता हैं.

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बिना पूर्व चेतावनी मध्य लेबनान में एक आवासीय इमारत पर इजराइली हवाई हमले में आठ महिलाओं और चार बच्चों सहित 15 लोग मारे गए और कम से कम 12 अन्य घायल हो गए. वहीं, मंगलवार को उत्तरी इजराइल के शहर नाहरिया में एक भंडारण भवन में रॉकेट विस्फोट हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई.शहर के बाहर एक अन्य हमले में छर्रे लगने से दो अन्य लोग घायल हो गए. हिजबुल्ला ने मंगलवार की सुबह ड्रोन से उत्तरी इज.राइली शहर हाइफा के पास एक नर्सरी स्कूल पर हमला किया लेकिन बच्चे उस समय बंकर में थे. इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ.

गाजा स्थित नसीर अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि कैफेटेरिया पर हुए हमले में दो बच्चों सहित कम से कम 11 लोग मारे गए.
अधिकारियों के मुताबिक, गाजा के उत्तरी शहर बेत हनून में एक घर पर मंगलवार को हुए हमले में 15 लोग मारे गए, जिनमें अल जजीरा के पत्रकार होसम शबात के रिश्तेदार भी शामिल हैं, जो उत्तरी क्षेत्र से रिपोर्टिंग कर रहे थे. कमल अदवान अस्पताल के निदेशक होसम अबू सफिया ने बताया कि हमले में बतौर चिकित्सक कार्यरत मोहम्मद शबात, उनकी पत्नी दीमा एवं बेटी एलिया की मौत हो गई. फलस्तीन के चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि मध्य और दक्षिणी गाजा में हमलों में 20 अन्य लोग मारे गए.

अमेरिकी कर्मी पर इजराइल के हमले की योजना संबंधी गोपनीय दस्तावेज लीक करने का आरोप

अमेरिकी अदालत में दाखिल वाद के मुताबिक संघीय सरकार के लिए काम करने वाले एक व्यक्ति पर ईरान पर हमला करने की इजराइल की पहले की योजनाओं का आकलन करने वाली गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप लगाया गया है. कर्मचारी की पहचान आसिफ विलियम रहमान के तौर पर की गई है और संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई)ने उसे इस सप्ताह कंबोडिया में गिरफ्तार किया था. उसे गुआम में पहली बार अदालत में पेश किया जाना है. तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि रहमान ने मुकदमा लड़ने के लिए कोई वकील रखा है या नहीं और वह किस संघीय एजेंसी में काम करता था. न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार ने रहमान की गिरफ्तारी की खबर प्रकाशित की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu