तेज आंधी और बारिश से जुड़ी घटनाओं में 8 की मौत, मुख्यमंत्री का राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 22 May 2025 06:06 PM
तेज आंधी और बारिश से जुड़ी घटनाओं में 8 की मौत, मुख्यमंत्री का राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
ऑडियो सुनें

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बुधवार व बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात तेज आंधी और बारिश के कारण पेड़ उखड़ने तथा दीवार और खम्बे गिरने की घटनाओं में एक सिपाही समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गयी तथा अनेक अन्य जख्मी हो गये।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के मद्देनजर सम्बन्धित जिलों के अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मेरठ से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार व बृहस्पतिवार की मध्यरात्रि को तेज आंधी-तूफान और बारिश की वजह से हुई दुर्घटनाओं में एक डॉक्टर समेत तीन लोगों की मौत हो गयी तथा आठ अन्य घायल हो गये। तेज आंधी के कारण जिले में जगह-जगह पेड़ और बिजली के खम्बे गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गयी।

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की चमन कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय डॉक्टर सुबहान सैफी देहरादून से कार से मेरठ लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि मोदीपुरम क्षेत्र में रुड़की रोड पर उनकी कार पर तेज आंधी के दौरान एक खम्बा गिर गया जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में उनके मामा और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।

एक अन्य घटना में दौराला क्षेत्र के रुहासा गांव निवासी 32 वर्षीय किसान अमित चौधरी अपने नौ वर्षीय पुत्र के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि बड़कली गांव के पास बारिश से बचने के लिए वह एक पीपल के पेड़ के नीचे रुके, तभी पेड़ गिरने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई, मगर उसका बेटा सुरक्षित है।

इसके अलावा मोदीपुरम फ्लाईओवर के पास कजरिया शोरूम के बाहर बनी दीवार आंधी के दौरान ढह गई।
अधिकारियों ने बताया कि उसी दौरान वहां से गुजर रहा मजदूर मंसूर मलबे में दब गया और उसका शव बृहस्पतिवार सुबह बरामद हुआ।

उनके मुताहिक, शहर के विभिन्न हिस्सों में दीवारें, पेड़, होर्डिंग और अवैध यूनिपोल गिरने से कम से कम आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सहारनपुर जिले में पिछली रात आये आंधी-तूफान और भारी वर्षा के बीच देवबंद क्षेत्र में गिरी बिजली की चपेट में आने से खेत पर काम कर रहे अनिल (65) और उसके 35 वर्षीय भतीजे की मौत हो गई तथा एक अन्य व्यक्ति झुलस गया।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा कुरडी गांव निवासी 30 वर्षीय अंकित अपने मकान की छत पर टहल रहा था तभी उस पर बिजली गिर गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है। घायल का उपचार किया जा रहा है।

बिजनौर से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक, अफजलगढ़ क्षेत्र में आंधी के कारण गिरे पेड़ से मोटरसाइकिल टकरा जाने से थाने लौट रहे एक सिपाही की मौत हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश ंिसह ने बताया कि अफजलगढ़ थाने में तैनात 35 वर्षीय सिपाही पुष्पेन्द्र बुधवार रात जटपुरा बार्डर से ड्यूटी कर थाने आ रहा था। आंधी और बारिश के कारण एक पेड़ सड़क पर टूटकर गिर गया।

उन्होंने बताया कि अंधेरा होने के कारण उसकी मोटरसाइकिल उस पेड़ से टकरा गयी और इस घटना में सिपाही की मौत हो गयी। उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। झांसी से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक, बीती रात आंधी-तूफान के कारण रेलवे स्टेशन के निकट होर्डिंग गिर जाने से 44 वर्षीय लोडर चालक चरण ंिसह की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, जिले के कुछ अन्य इलाकों में भी पेड़ और खम्बे गिरने की सूचना है।

बागपत जिले में बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ तथा आम की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। तेज हवाओं से दर्जनों पेड़ उखड़ गए, विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई और कई स्थानों पर मार्ग अवरुद्ध हो गए।

इस बीच, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-बारिश, ओलावृष्टि के दृष्टिगत सम्बन्धित जनपदों के अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार के एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर सर्वे करें तथा राहत कार्य पर नजर रखें।

उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली, आंधी तूफान, बारिश आदि आपदा से जनहानि और पशुहानि होने की स्थिति में तत्काल प्रभावितों को राहत राशि का वितरण करें व घायलों का समुचित उपचार कराया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिये कि अधिकारीगण सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन करते हुए आख्या शासन को भेजें, ताकि इस सम्बन्ध में आगे की कार्यवाही की जा सके।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital