प्रधानमंत्री मोदी के जम्मू दौरे से पहले कश्मीर में बढ़ाई गई सुरक्षा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 Feb 2024 05:46 PM
प्रधानमंत्री मोदी के जम्मू दौरे से पहले कश्मीर में बढ़ाई गई सुरक्षा
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंगलवार को जम्मू दौरे से पहले कश्मीर में सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है. अधिकारियों ने रविवार को यहां बताया कि पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बल शहर और उसके आसपास दर्जनों स्थानों पर वाहनों की जांच कर रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर श्रीनगर में विभिन्न स्थानों पर प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष जांच चौकियां स्थापित की गयी हैं.

उन्होंने बताया कि भले ही प्रधानमंत्री जम्मू क्षेत्र का दौरा करेंगे, लेकिन घाटी में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस केंद्र शासित प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान आतंकवादी किसी विध्वंसक गतिविधि को अंजाम न दे सकें. अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का जम्मू-कश्मीर का यह दूसरा दौरा होगा.

प्रधानमंत्री अपने जम्मू दौरे के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर सकते हैं, जिनमें जम्मू स्थित एम्स अस्पताल, चिनाब नदी पर दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल और उधमपुर में देविका नदी परियोजना शामिल हैं. मोदी, संगलदान-बारामूला रेल लिंक पर पहली रेल को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हरी झंडी दिखा सकते हैं, जिसके बाद वह जम्मू में एक जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं.

इस बीच, कश्मीर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक वी. के. बिरदी ने पीसीआर कश्मीर में एक बैठक के दौरान घाटी में सुरक्षा की समीक्षा की.
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि बैठक में पुलिस, सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी, सीआईएसएफ और राज्य और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया. उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य ह्लकेंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में वीवीआईपी के दौरे के साथ-साथ आगामी अन्य कार्यक्रमों कीह्व सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करना और इसे मजबूत बनाना था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu