पुरी के जगन्नाथ मंदिर में अनधिकृत प्रवेश के आरोप में 9 बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Mar 2024 08:47 PM
पुरी के जगन्नाथ मंदिर में अनधिकृत प्रवेश के आरोप में 9 बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया गया
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. पुरी के जगन्नाथ मंदिर में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने के आरोप में ओडिशा पुलिस ने नौ बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया है. एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद के कुछ कार्यकर्ताओं ने शिकायत की थी कि कई गैर हिन्दू बांग्लादेशी 12वीं सदी के मंदिर में प्रवेश कर रहे हैं और मंदिर के मानदंडों का उल्लंघन कर रहे हैं. जिसके बाद सिंहद्वार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई और रविवार की शाम नौ बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया गया.

पुरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची. जिसके बाद उन्होंने पूछताछ करने के लिए पर्यटकों को हिरासत में लिया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा, “हमें शिकायत मिली है कि बांग्लादेश के कुछ गैर-हिंदू लोगों ने मंदिर में प्रवेश किया. हमने नौ बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है.” मंदिर के नियमों के अनुसार, केवल हिंदुओं को ही मंदिर में प्रवेश की अनुमति है.

मिश्रा ने कहा कि अगर वे गैर-हिंदू पाए गए तो उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा, “हम उनके पासपोर्ट की जांच कर रहे हैं जिससे यह पता चला है कि उनमें से एक हिंदू है. हम अन्य लोगों के पासपोर्ट की जांच कर रहे हैं. प्रारंभिक जांच से यह पता चला है कि हिरासत में लिये गये नौ लोगों में से चार ने मंदिर में प्रवेश किया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu