पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज ने दोबारा चुने जाने पर बधाई के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Mar 2024 08:28 PM
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज ने दोबारा चुने जाने पर बधाई के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. पाकिस्तान के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पुन: निर्वाचित होने पर बधाई के लिए बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया. शहबाज शरीफ (72) ने सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली. धांधली के आरोपों के बीच चुनाव के करीब एक महीने बाद उन्होंने आर्थिक संकट से जूझ रहे देश की बागडोर दूसरी बार संभाली.

शहबाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के रूप में चुने जाने पर बधाई देने के लिए नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद.” मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी ने शहबाज को पाकिस्तान के 24वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी. मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर शहबाज शरीफ को बधाई.”

प्रधानमंत्री के रूप में और 2022 के बाद दूसरी बार चुने जाने के तुरंत बाद नेशनल असेंबली में अपने संबोधन में शहबाज ने कहा कि उनकी सरकार देश को किसी ”बड़े खेल” का हिस्सा नहीं बनने देगी और समानता के सिद्धांतों पर पड़ोसियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखेगी. उन्होंने कहा, ”हम समानता के आधार पर पड़ोसियों के साथ संबंध बनाए रखेंगे.” हालांकि, शहबाज ने कश्मीर मुद्दा उठाया और इसकी तुलना फलस्तीन से की. पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूहों द्वारा 2016 में पठानकोट वायु सेना अड्डे पर आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए.

अगस्त 2019 में भारत द्वारा जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने की घोषणा के बाद दोनों देशों के संबंध और खराब हो गए. भारत ने पाकिस्तान से बार-बार कहा है कि जम्मू-कश्मीर देश का अभिन्न हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu