दिल्ली: सीएए पर विपक्षी नेताओं के बयानों के विरोध में हिंदू और सिख शरणार्थियों का प्रदर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 15 Mar 2024 08:46 PM
दिल्ली: सीएए पर विपक्षी नेताओं के बयानों के विरोध में हिंदू और सिख शरणार्थियों का प्रदर्शन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए हिंदू और सिख शरणार्थियों ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) को लेकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के नेताओं के द्वारा दिए गए बयानों के खिलाफ शुक्रवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया.

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ नारेबाजी भी की. एक प्रदर्शनकारी पंजूराम ने कहा, ”जब भाजपा-नीत सरकार हमें नागरिकता देने के लिए सीएए लागू कर रही है तो अन्य विपक्षी पार्टियां इसका विरोध क्यों कर रही हैं? इस कानून का विरोध करने के लिए हम उनके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं.” दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले हिंदू और सिख शरणार्थियों ने बृहस्पतिवार को यहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सिविल लाइंस स्थित आवास के पास विरोध-प्रदर्शन किया था.

प्रदर्शनकारियों ने आम आदमी पार्टी (आप) के सुप्रीमो से सीएए को लागू करने के खिलाफ की गई उनकी टिप्पणियों के लिए माफी की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने कहा था कि केजरीवाल को सीएए और शरणार्थियों के खिलाफ अपने बयान वापस लेने चाहिए और माफी मांगनी चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu