बिलासपुर से दिल्ली, कोलकाता की, जगदलपुर से जबलपुर की नियमित विमान सेवा इसी माह से

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 16 Mar 2024 02:08 PM
बिलासपुर से दिल्ली, कोलकाता की, जगदलपुर से जबलपुर की नियमित विमान सेवा इसी माह से
ऑडियो सुनें

रायपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए तथा जगदलपुर से जबलपुर के लिए नियमित विमान सेवा मार्च माह के अंतिम सप्ताह से शुरू होगी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में विमान सुविधाओं के विकास और विस्तार के क्रम में यह फैसला किया गया। इसके तहत बिलासपुर विमानतल से दिल्ली और कोलकाता तथा जगदलपुर से जबलपुर-दिल्ली के लिए नियमित वाणिज्य विमान सेवा संचालित करने के लिए राज्य सरकार और विमान सेवा प्रदाता ‘अलायंस एयर’ के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

एमओयू के अनुसार, इन तीनों मार्गों पर विमान सेवाएं मार्च माह के अंतिम सप्ताह से नियमित रूप से शुरू होंगी। उन्होंने बताया कि इन उड़ानों में यात्रियों की अनुपलब्धता होने पर ‘लागत-राजस्व मॉडल’ के आधार पर घाटे की भरपाई के लिए राज्य सरकार एयरलाइन को वित्तीय सहायता देगी। इन विमान सेवाओं में प्रत्येक की 70 सीटों की क्षमता होगी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 12 मार्च 2024 को अलायंस एयर कम्पनी की ‘दिल्ली- बिलासपुर- दिल्ली’ और ‘कोलकाता- बिलासपुर- कोलकाता’ हवाई सेवा का उद्घटान किया था। इसी दिन ‘दिल्ली-जबलपुर-जगदलपुर-जबलपुर-दिल्ली’ विमान सेवा का उद्घाटन भी किया गया।

अलायंस एयर कंपनी के ग्रीष्णकालीन कार्यक्रम के अनुसार ये तीनों विमान सेवाएं मार्च के अंतिम सप्ताह से नियमित हो जायेंगी। अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही राज्य सरकार के प्रयास से राज्य में विमान सेवाओं के विस्तार के लिए अंबिकापुर विमानतल का विकास 3-सी वीएफआर श्रेणी में किया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav