मुकेश खन्ना ने शक्तिमान में रणवीर सिंह की भूमिका से संबंधित खबरों को लेकर अपनी पोस्ट हटाईं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Mar 2024 10:20 PM
मुकेश खन्ना ने शक्तिमान में रणवीर सिंह की भूमिका से संबंधित खबरों को लेकर अपनी पोस्ट हटाईं
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दूरदर्शन पर 1990 के दशक में मशहूर हुए ‘शक्तिमान’ धारावाहिक में मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता मुकेश खन्ना ने संभावित फिल्म शक्तिमान में रणवीर सिंह के मुख्य किरदार निभाने संबंधी खबरों को लेकर नाराजगी प्रकट करने के एक दिन बाद सोमवार को सोशल मीडिया से सभी संबंधित पोस्ट हटा लीं. ‘इंस्टाग्राम’ पर अब हटाई जा चुकी पोस्ट में खन्ना ने कहा था कि वह रणवीर सिंह के शक्तिमान का किरदार निभाने के पक्ष में नहीं हैं क्योंकि उनकी एक तय छवि है. उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर भी इस बारे में अपनी राय व्यक्त की थी.

खन्ना ने रविवार को इंस्टाग्राम पर लिखा था, “पूरे सोशल मीडिया में महीनों से अफवाह थी कि रणवीर शक्तिमान की भूमिका निभाएंगे. और हर कोई इसे लेकर नाराज था. मैं चुप रहा. लेकिन जब चैनलों ने भी ऐलान शुरू कर दिया कि रणवीर को फिल्म में लिया गया है, तो मुझे मुंह खोलना पड़ा.”

उन्होंने लिखा, “और मैंने बोल दिया कि एक तय छवि वाला व्यक्ति कितना भी बड़ा स्टार क्यों न हो, शक्तिमान नहीं बन सकता. अब आगे आगे देखिये होता है क्या?” सोमवार शाम तक, खन्ना ने सिंह की इंस्टाग्राम पोस्ट और यूट्यूब वीडियो दोनों को हटा दी हैं. हालांकि, ‘शक्तिमान कौन’ शीर्षक के साथ एक नया वीडियो शाम 5 बजे के आसपास उनके यूट्यूब पेज पर अपलोड किया गया.

क्लिप में लिखा है, “किरदारों के लिए चयन अभी पूरा नहीं हुआ है. हम आपको जल्द ही ताजा जानकारी प्रदान करेंगे.” बताया जा रहा है कि सोनी पिक्चर्स इंडिया और साजिद नाडियाडवाला शक्तिमान फिल्म के निर्माण से जुड़े हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu