राज ठाकरे-अमित शाह की मुलाकात आश्चर्यजनक नहीं: राकांपा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 19 Mar 2024 04:23 PM
राज ठाकरे-अमित शाह की मुलाकात आश्चर्यजनक नहीं: राकांपा
ऑडियो सुनें

मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने मंगलवार को कहा कि राज ठाकरे की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात आश्चर्यजनक नहीं है क्योंकि पहले से ही महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख की भाजपा से निकटता के संकेत थे।

राकांपा (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने दावा किया कि मनसे नेता ठाकरे केंद्रीय एजेंसियों की जांच के दायरे में हैं और वह अपनी पार्टी को बचाने की कोशिश करते रहे हैं। शरद पवार के नेतृत्व वाले राकांपा गुट के नेता ने दावा किया कि ठाकरे की मनसे लड़खड़ा रही है और बैठक उन्हें बचा सकती है तथा उनकी पार्टी की रक्षा कर सकती है।

क्रैस्टो ने कहा, “यह आश्चर्यजनक नहीं है कि उन्होंने (ठाकरे) केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात की क्योंकि भाजपा के साथ उनकी निकटता के पर्याप्त संकेत थे।” राज ठाकरे ने मंगलवार को नयी दिल्ली में शाह से मुलाकात की जिससे संकेत मिलता है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र में अपने गठबंधन को मजबूत करने के लिए लोकसभा चुनाव में उनके साथ गठबंधन करना चाहती है।

यदि गठबंधन पर मुहर लगती है तो मनसे को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से चुनाव लड़ने के लिए एक सीट मिल सकती है, जहां उनके चचेरे भाई उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट का कुछ प्रभाव है।

राज ठाकरे ने उद्धव के साथ मतभेदों के कारण अविभाजित शिवसेना से नाता तोड़ लिया था। हालाँकि, उनकी मनसे ज्यादा प्रभाव नहीं दिखा सकी। विगत में उत्तर भारतीयों के खिलाफ राज ठाकरे की विवादास्पद टिप्पणियों की भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने तीखी आलोचना की थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav