बीजापुर: मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sat, 23 Mar 2024 07:01 PM
बीजापुर: मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने शनिवार को मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के पीडिया गांव में जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया.

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बीजापुर के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगालूर और मुतवेंडी से बीजापुर डीआरजी, बस्तर फाइटर्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कोबरा बटालियन और एसटीएफ के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिये रवाना किया गया था.

अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिलगेर से सुकमा और दंतेवाड़ा डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ के दल को अभियान के वास्ते रवाना किया गया था. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आज सुबह लगभग साढ़े आठ बजे पीडिया गांव के जंगल में बीजापुर और सुकमा जिले के डीआरजी के जवान जब गस्त लगा रहे थे, तब नक्सलियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की.

अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के बाद जब जवानों ने घटनास्थल की तलाशी ली, तब वहां से दो नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किये गये. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षाबल के जवान लगातार नक्सल विरोधी अभियान पर हैं. अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले शुक्रवार को रात लगभग 10 बजे अभियान के दौरान सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोडीतुमनार गांव के जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम की चपेट में आने से बस्तर फाइटर्स (दंतेवाड़ा) के दो जवान आरक्षक राकेश कुमार मरकाम और विकास कुमार कर्मा घायल हो गए. घायल जवानों को उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है. घायल जवानों की स्थिति खतरे से बाहर है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu