रॉयल्स ने मुंबई इंडियन्स को नौ विकेट पर 125 रन पर रोका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 01 Apr 2024 10:03 PM
रॉयल्स ने मुंबई इंडियन्स को नौ विकेट पर 125 रन पर रोका
ऑडियो सुनें

मुंबई. लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट की उम्दा गेंदबाजी से राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां मुंबई इंडियन्स को नौ विकेट पर 125 रन के स्कोर पर रोक दिया. चहल ने 11 जबकि बोल्ट ने 22 रन देकर तीन-तीन विकेट चटकाए. तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने भी 32 रन देकर दो विकेट हासिल किए. कप्तान हार्दिक पंड्या (34) और तिलक वर्मा (32) को छोड़कर मुंबई का कोई बल्लेबाज क्रीज पर पर्याप्त समय नहीं बिता पाया. इन दोनों के अलावा टिम डेविड (17) और सलामी बल्लेबाज इशान किशन (16) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए.

रॉयल्स के गेंदबाजों के दबदबे का अंदाजा इस बात से लगता है कि मुंबई के आउट होने वाले शुरुआती तीन बल्लेबाज पहली गेंद पर पवेलियन लौटे जबकि अंतिम चार ओवर में टीम 14 रन ही बना सकी. रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया और उनके गेंदबाजों विशेषकर तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने इस फैसले को सही साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी.

बोल्ट ने पहले ओवर की अंतिम दो गेंद पर रोहित शर्मा (00) और नमन धीर (00) को पवेलियन भेजा. रोहित ने विकेटकीपर सैमसन को कैच थमाया जबकि नमन अंदर आती गेंद पर पगबाधा हुए. सलामी बल्लेबाज इशान किशन (16) ने नांद्रे बर्गर का स्वागत छक्के और चौके के साथ किया. मुंबई को पहले ओवर के बाद ही नमन की जगह डेवाल्ड ब्रेविस (00) को इंपेक्ट प्लेयर के रूप में उतारना पड़ा लेकिन वह बोल्ट की पहली ही गेंद पर बर्गर को कैच दे बैठे.

इशान ने बर्गर पर चौका जड़ा लेकिन इस तेज गेंदबाज की अगली गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे जिससे स्कोर चार विकेट पर 20 रन हो गया. तिलक वर्मा ने आते ही बोल्ट पर छक्का जड़ा लेकिन एक बार फिर दर्शकों की हूटिंग का सामना करने वाले कप्तान हार्दिक पंड्या ने बर्गर पर तीन चौके मारे. पंड्या को वार्म और टॉस के दौरान भी हूटिंग का सामना करना पड़ा था. मुंबई ने पावर प्ले में चार विकेट पर 46 रन बनाए.

वर्मा ने आवेश खान पर अपना दूसरा छक्का मारा जबकि पंड्या ने इस तेज गेंदबाज के अलावा ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन पर चौके मारे. हार्दिक हालांकि चहल पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लांग ऑन पर कैच थमा बैठे. उन्होंने 21 गेंद में छह चौकों की मदद से 34 रन बनाए.

आवेश ने पीयूष चावला (03) को आउट किया जबकि वर्मा भी चहल की गेंद पर अश्विन को कैच दे बैठे जिससे मुंबई का स्कोर सात विकेट पर 95 रन हो गया. मुंबई के रनों का शतक 15वें ओवर में पूरा हुआ. गेराल्ड कोएट्जी (04) भी चहल की गेंद पर शिमरोन हेटमायर को कैच दे बैठे जबकि टिम डेविड बर्गर पर दूसरा शिकार बने.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu