दिल्ली को हराकर मुंबई ने खोला खाता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Apr 2024 07:42 PM
दिल्ली को हराकर मुंबई ने खोला खाता
ऑडियो सुनें

मुंबई. रोमारियो शेफर्ड की 10 गेंद पर नाबाद 39 रन की पारी और अन्य बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान से मुंबई इंडियंस ने रविवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को 29 रन से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में अपना खाता खोला. मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 234 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. दिल्ली की टीम इसके जवाब में आठ विकेट पर 205 रन ही बना पाई. मुंबई की तीन हार के बाद यह पहली जीत है जबकि दिल्ली को पांच मैच में चौथी हार का सामना करना पड़ा. इस हार से दिल्ली की टीम अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर पहुंच गई है.

रोहित शर्मा (27 गेंद पर 49 रन) और ईशान किशन (23 गेंद पर 42 रन) ने पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़कर मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई. उनके आउट होने के बाद टिम डेविड (21 गेंद पर नाबाद 45 रन), कप्तान हार्दिक पंड्या (33 गेंद पर 39 रन) और शेफर्ड ने अच्छी तरह से जिम्मेदारी संभाली.

पृथ्वी साव (40 गेंद पर 66 रन) और अभिषेक पोरेल (31 गेंद पर 41 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी करके दिल्ली को शुरुआती झटके से उबारा. ट्रिस्टन स्टब्स ने 27 गेंद पर तीन चौकों और सात छक्कों की मदद से 71 रन की तूफानी पारी खेली, लेकिन बड़े लक्ष्य के दबाव में अन्य बल्लेबाज नहीं चल पाए. मुंबई की तरफ से गेराल्ड कोएत्जी ने 34 रन देकर चार और जसप्रीत बुमराह ने 22 रन देकर दो विकेट लिए. कोएत्जी ने मैच के आखिरी ओवर में तीन विकेट हासिल किए.

शेफर्ड ने एनरिक नोर्किया (65 रन देकर दो विकेट) के पारी के आखिरी ओवर में चार छक्कों और दो चौकों की मदद से 32 रन बटोरे. अक्षर पटेल दिल्ली के सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 35 रन देकर दो विकेट लिए. शेफर्ड ने बाद में डेविड वार्नर (10) को मिड ऑन पर हार्दिक के हाथों कैच कराकर मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई. दिल्ली ने पावरप्ले में एक विकेट पर 46 रन बनाए जिसमें पृथ्वी का योगदान 27 रन था. उन्होंने कोएत्जी पर छक्के से शुरुआत करने के बाद इस दौरान चार चौके भी लगाए.

पृथ्वी ने पीयूष चावला का स्वागत छक्के और दो चौकों से किया और फिर कोएत्जी पर चौका लगाकर 31 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने मोहम्मद नबी पर भी छक्का लगाया लेकिन बुमराह ने उनकी गिल्लियां बिखेर दी. पृथ्वी ने अपनी पारी में 8 चौके और तीन छक्के लगाए. उनकी जगह लेने के लिए उतरे स्टब्स ने चावला पर दो छक्के लगाकर शुरुआत की, लेकिन बुमराह ने पोरेल और कोएत्जी ने कप्तान ऋषभ पंत (01) को आउट करके दिल्ली को गहरे संकट में डाल दिया.

स्टब्स ने आकाश मधवाल पर दो चौके और एक छक्का लगाया तथा केवल 19 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद उन्होंने शेफर्ड पर लगातार दो छक्के लगाए लेकिन इससे वह हार का अंतर ही कम कर पाए. टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी मुंबई के लिए रोहित और किशन ने पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े. इसमें रोहित का योगदान अधिक था जिन्होंने शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाया.

भारतीय कप्तान ने इशांत शर्मा पर दो चौके लगाकर शुरुआत की और फिर झाई रिचर्डसन की लगातार गेंदों पर छक्के लगाए. चौथे ओवर में उन्होंने अक्षर पटेल का स्वागत छक्के और चौके से किया. रोहित ने एक अन्य स्पिनर ललित यादव पर भी तीन चौके लगाए, जिससे मुंबई पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 75 रन बनाने में सफल रहा.

अक्षर ने हालांकि रोहित को इसके तुरंत बाद बोल्ड करके उन्हें अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया. उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए. सूर्यकुमार यादव की वापसी यादगार नहीं रही. एनरिक नोर्किया ने उन्हें खाता भी नहीं खोलने दिया. सूर्यकुमार केवल दो गेंद खेल पाए. उन्होंने लॉफ्टेड ड्राइव खेलने के प्रयास में मिडऑन पर कैच दिया.

किशन भी अपनी पारी को लंबा नहीं खींच पाए. उन्होंने अक्षर की गेंद पर वापस कैच थमाने से पहले बाएं हाथ के इस स्पिनर और नोर्किया पर छक्के लगाए. अक्षर में बेहतरीन कैच लेकर उनकी पारी चार चौकों और दो छक्कों तक ही सीमित रहने दी. तिलक वर्मा (06) भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए, जिससे मुंबई की परेशानियां बढ. गई. इससे रन गति धीमी पड़ गई क्योंकि हार्दिक के क्रीज पर रहने के बावजूद दिल्ली के गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर नहीं खेलने दिया.

डेविड ने रिचर्डसन पर छक्का लगाकर मुंबई के प्रशंसकों में जान भरी. उन्होंने हार्दिक के साथ मिलकर खलील अहमद के आखिरी ओवर में 17 रन बटोरे. नोर्किया के अगले ओवर में भी 16 रन बने लेकिन यह दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज हार्दिक की पारी का अंत करने में सफल रहा. हार्दिक ने बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर कैच देने से पहले अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया. डेविड और हार्दिक ने पांचवें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की. डेविड ने अपनी पारी में दो चौके और चार छक्के लगाए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu