राष्ट्रमंडल खेल महासंघ की अगले महीने 2026 टूर्नामेंट के नए मेजबान की घोषणा करने की योजना

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 08 Apr 2024 11:58 AM
राष्ट्रमंडल खेल महासंघ की अगले महीने 2026 टूर्नामेंट के नए मेजबान की घोषणा करने की योजना
ऑडियो सुनें

लंदन: राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) ने 2026 में होने वाले खेलों के नए मेजबान की अगले महीने घोषणा करने की योजना बनाई है और कहा है कि उसके पास आॅस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य की जगह लेने के लिए ‘कई प्रस्ताव’ हैं।

सीजीएफ ने सोमवार को कहा कि वह प्रस्तावों को गोपनीय रख रहा है। विक्टोरिया बढ़ती लागत का हवाला देकर पिछले साल जुलाई में तीन क्षेत्रीय केंद्रों में होने वाले 2026 खेलों की मेजबानी की योजना से हट गया था।

सीजीएफ ने अप्रैल में अपनी बैठक के बाद एक बयान में कहा, ‘‘महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और हम शुरुआती अवधारणाओं से उत्साहित हैं जिसका उद्देश्य खेलों को रीसेट करना और नया स्वरूप देना है।’’

बयान के अनुसार, ‘‘हम आगे विस्तृत मूल्यांकन करने के लिए संबंधित सदस्यों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के मेजबान की घोषणा मई में करने का लक्ष्य रखते हैं।’’ विक्टोरिया सीजीएफ के साथ मुआवजे के पैकेज पर सहमत हुआ है जिससे अगले मेजबान के खर्चों की भरपाई में मदद मिलेगी।

राष्ट्रमंडल खेल 2018 का आयोजन करने वाले आॅस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट को 2026 के संभावित मेजबान के रूप में चिह्नित किया गया था लेकिन राज्य या संघीय वित्त पोषण नहीं मिल सका। सीजीएफ ने कहा कि वह लागत कम करने और प्रतियोगिता को अधिक तार्किक बनाने के लिए खेलों में बदलाव लाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। 1930 में ब्रिटिश एम्पायर गेम्स के रूप में स्थापित राष्ट्रमंडल खेलों में 74 देश और क्षेत्र हिस्सा लेते हैं। इनका आयोजन आॅस्ट्रेलिया, कनाडा, इंग्लैंड, भारत, जमैका, मलेशिया, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड और वेल्स में हुआ है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav