नवरात्रि के दौरान मछली खाने को लेकर आलोचना के घेरे में आए राजद नेता तेजस्वी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Apr 2024 09:05 PM
नवरात्रि के दौरान मछली खाने को लेकर आलोचना के घेरे में आए राजद नेता तेजस्वी
ऑडियो सुनें

पटना. बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव बुधवार को सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक कथित वीडियो को लेकर आलोचनाओं के घेरे में आ गए. इस वीडियो में वह कथित रूप से नवरात्र के दौरान हेलीकॉप्टर में मछली खाते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो राजद नेता ने आठ अप्रैल को पोस्ट किया था.

सोशल मीडिया मंच ”एक्स” पर पोस्ट किए गए उक्त वीडियो में पूर्व उपमुख्यमंत्री यादव विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी के साथ हेलीकॉप्टर में दोपहर का भोजन करते नजर आ रहे हैं. तेजस्वी और सहनी वीडियो में मछली और रोटी खाते दिखे.
राजद नेता ने आठ अप्रैल को उक्त वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था, ”चुनावी भागदौड़ एवं व्यस्तता के बीच हेलीकॉप्टर में भोजन. चुनाव प्रचार के दौरान जो 10-15 मिनट मिलते हैं, उसमें वह खाना खा लेते हैं.”

वीडियो में सहनी ने मिर्च दिखाकर विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा, ”हमारा वीडियो देखकर बहुतों को मिर्ची लगेगी.” केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने यादव को ”मौसमी सनातनी” बताते हुए उनपर ”तुष्टिकरण की राजनीति” करने का आरोप लगाया. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को एक वीडियो संदेश में ”तुष्टीकरण की राजनीति” करने के लिए तेजस्वी की आलोचना की और उन्हें ”मौसमी सनातनी” कहा.

सिन्हा ने कहा, ”वे (राजद के नेता) मौसमी सनातनी हैं और यह नहीं जानते कि सनातन धर्म की प्रथाओं का पालन कैसे किया जाए. मुझे लोगों के खान-पान पर कोई आपत्ति नहीं है…. लेकिन श्रावण मास में मटन और नवरात्रि में मछली का सेवन करना एक सच्चे सनातनी का खान-पान नहीं हो सकता. यह सब करके वे तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं.” सिन्हा ने पिछले साल की एक घटना का भी जिक्र किया जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लालू प्रसाद के दिल्ली आवास पर भोजन किया था (श्रावण के महीने के दौरान मटन की दावत).

भाजपा नेताओं की उक्त टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए यादव ने कहा, ”भाजपाइयों और गोदी मीडिया के भक्तों के आईक्यू का टेस्ट लेने के लिए ही हमने यह वीडियो डाला था और हम अपनी सोच में सही भी साबित हुए. ट्वीट में ”दिनांक” लिखा हुआ है, लेकिन बेचारे अंधभक्तों को क्या मालूम. आख.रि में सहनी जी द्वारा मिर्ची लगने का भी जिक्र किया गया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu