बैसाखी समारोह के मद्देनजर यातायात पुलिस ने जारी किया परामर्श

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 13 Apr 2024 12:50 PM
बैसाखी समारोह के मद्देनजर यातायात पुलिस ने जारी किया परामर्श
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली यातायात पुलिस ने गुरुजी का आश्रम (बड़े मंदिर) में आयोजित होने वाले बैसाखी समारोह के मद्देनजर शनिवार को एक परामर्श जारी किया, जिसमें यात्रियों को राजधानी के कुछ क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था के बारे में सूचित किया गया है।

सोशल मीडियाा मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यातायात पुलिस ने कहा “13 अप्रैल, 2024 को गुरुजी का आश्रम (बड़े मंदिर) में बैसाखी समारोह के मद्देनजर यातायात व्यवस्था प्रभावी होगी।” इसमें कहा गया है, “भाटी माइंस रोड, बांध रोड, छतरपुर रोड और संत श्री नागपाल मार्ग पर भारी और मध्यम वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जाएगा।”

परामर्श में कहा गया है, “सभी आपातकालीन वाहनों को उनके गंतव्य तक जाने की सुविधा दी जाएगी।” हालांकि परामर्श में आपातकालीन वाहनों को डेरा रोड और मंडी रोड के बजाय महरौली-गुरुग्राम रोड से गुजरने की सलाह दी गई है।

बैसाखी समारोह गुरुजी का आश्रम, भट्टी माइंस रोड और महरौली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें पुलिस को दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से 55,000 से 60,000 लोगों के एकत्रित होने की उम्मीद है।
यातायात पुलिस ने यात्रियों से सार्वजनिक परिवहन, विशेषकर मेट्रो सेवाओं का उपयोग करने का अनुरोध किया है।

इसके अलावा जनता को सलाह दी गई है कि वे उपर्युक्त सड़कों के माध्यम से यात्रा की योजना बनाते समय पर्याप्त समय लेकर चलें। परामर्श में कहा गया, “कृपया इन सड़कों से बचें और तदनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav