प्रधानमंत्री मोदी के शासन में मुसलमानों के साथ कोई भेदभाव नहीं : अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Apr 2024 08:33 PM
प्रधानमंत्री मोदी के शासन में मुसलमानों के साथ कोई भेदभाव नहीं : अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

जम्मू. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के तहत देश में मुस्लिम समुदाय के साथ कोई भेदभाव नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि 2014 में सत्ता में आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने “सेवा, सुशासन और गरीबों की भलाई” पर ध्यान केंद्रित किया. सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कांग्रेस पर लोगों को “पंथ, जाति और धर्म” के नाम पर बांटने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा देश को एकजुट करने और इसे आगे ले जाने में विश्वास करती है.

किश्तवाड़ जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा, “2014 से पहले मुसलमानों से कहा जा रहा था कि अगर मोदी सत्ता में आए तो तुम्हें खत्म कर दिया जाएगा…क्या आपने मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को धर्म के आधार पर किसी के साथ भेदभाव करते देखा है? जब केंद्र सरकार की योजनाओं और मुफ्त राशन और मुफ्त इलाज जैसी सुविधाओं का लाभ उठाने की बात आती है तो क्या किसी ने आपसे पूछा है कि आप मुस्लिम हैं, हिंदू हैं या सिख हैं?” किश्तवाड़ उधमपुर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है, जहां भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के उम्मीदवार चौधरी लाल सिंह सहित 11 अन्य उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा.

भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में तीसरी बार यहां वोट मांगने पहुंचे ठाकुर ने कहा, “मोदी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के आदर्श वाक्य के साथ काम कर रही है और गरीबों की सेवा, सुशासन और कल्याण के लिए सर्मिपत है जिसे अगले पांच वर्षों में और मजबूत किया जाएगा.” उन्होंने कहा, “मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 की आड़ में जम्मू-कश्मीर में अपने अधिकारों से वंचित लोगों सहित सभी के लिए न्याय सुनिश्चित किया.” कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि उसके नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी दावा कर रहे हैं कि अगर मोदी तीसरी बार सत्ता में लौटे तो संविधान बदल देंगे.

ठाकुर ने कहा, “संविधान हमें बी.आर. आंबेडकर द्वारा दिया गया था जिनका हम बहुत आदर करते हैं और उनका सम्मान करते हैं. यह कांग्रेस ही थी जिसने संविधान में 62 बार संशोधन किए, जिसमें पंडित नेहरू के प्रधानमंत्रित्व काल में 17 और इंदिरा गांधी के शासनकाल के दौरान किए गए 33 संशोधन शामिल थे.” उन्होंने कांग्रेस पर अतीत में पाकिस्तान (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर), चीन (अक्साई चिन) और श्रीलंका (कच्चातिवु द्वीप) को जमीन देकर राष्ट्रीय हितों के साथ समझौता करने का आरोप लगाया.

ठाकुर ने कहा, “हम अपने राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं और कांग्रेस के विपरीत भारत हमारे लिए पहले है.” भाजपा नेता ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है और मोदी सरकार इसे दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए काम कर रही है.

ठाकुर ने कहा, “यदि आप मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट देंगे तो यह संभव है. मोदी ही वह व्यक्ति हैं जिन्होंने हमारी सीमाओं को मजबूत किया, हमारे रक्षा बलों को आधुनिक हथियारों और लड़ाकू विमानों से सुसज्जित किया और खुली छूट दी.” उन्होंने कहा, “देश पाकिस्तान में र्सिजकल स्ट्राइक और लद्दाख में चीन को दिए गए करारे जवाब से अवगत है.” मंत्री ने कहा कि कश्मीर में आतंकवादी घटनाओं में गिरावट देखी गई है, और यह नागरिक हत्याओं में 81 प्रतिशत और सुरक्षा र्किमयों की हत्याओं में 50 प्रतिशत की गिरावट से स्पष्ट है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu