किसी भारतीय के चंद्रमा पर उतरने तक इसरो का चंद्र मिशन जारी रहेगा : सोमनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 17 Apr 2024 07:47 PM
किसी भारतीय के चंद्रमा पर उतरने तक इसरो का चंद्र मिशन जारी रहेगा : सोमनाथ
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने बुधवार को कहा कि अंतरिक्ष निकाय अपनी चंद्रयान श्रृंखला तब तक जारी रखेगा जब तक देश का कोई अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा पर नहीं उतर जाता. अंतरिक्ष एजेंसी के चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान ने पिछले साल अगस्त में चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ की और इसके साथ ही भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला पहला देश बन गया.

सोमनाथ ने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ”चंद्रयान-3 ने बहुत अच्छा काम किया है. आंकड़े एकत्र कर लिए गए हैं और वैज्ञानिक प्रकाशन अभी शुरू हुआ है. अब, हम चंद्रयान श्रृंखला को तब तक जारी रखना चाहते हैं जब तक कि कोई भारतीय चंद्रमा पर नहीं उतर जाता. उससे पहले हमें कई तकनीकों में विशेषज्ञता हासिल करनी होगी, जैसे वहां जाना और वापस आना. हम अगले मिशन में ऐसा करने की कोशिश कर रहे हैं.” वह ‘एस्ट्रोनॉटिकल सोसायटी ऑफ इंडिया’ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर अहमदाबाद आए थे.

सोमनाथ ने देश के पहले मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन – गगनयान के बारे में कहा कि इसरो इस साल एक मानवरहित मिशन, एक परीक्षण यान मिशन और एक ‘एयरड्रॉप’ परीक्षण करेगा. उन्होंने कहा, “एयरड्रॉप परीक्षण 24 अप्रैल को होगा. अगले साल दो मानव रहित मिशन होंगे और अगर सब कुछ ठीक रहा, तो अगले साल के अंत तक मानव मिशन होगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu