भाजपा का ममता पर रामनवमी का अपमान करने का आरोप; राहुल, अखिलेश पर हमला बोला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 17 Apr 2024 08:42 PM
भाजपा का ममता पर रामनवमी का अपमान करने का आरोप; राहुल, अखिलेश पर हमला बोला
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भाजपा ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर रामनवमी उत्सव को वैमनस्यता से जोड़ने का आरोप लगाया और दावा किया कि उनकी टिप्पणियां देश की संस्कृति के प्रति ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं की अपमानजनक मानसिकता को दर्शाती हैं. रामनवमी पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में “शांति बनाए रखने, समृद्धि और विकास” की अपील की.

उनके पोस्ट पर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि शांति बनाए रखने की उनकी अपील का मतलब है कि वह त्योहार को अशांति या वैमनस्यता से जोड़कर देखती हैं. भाजपा सांसद ने संवाददाताओं से कहा, “यह पूरी तरह से रामनवमी के त्योहार का अपमान है.” उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अखिलेश यादव द्वारा संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में किए गए इस दावे को लेकर भी कटाक्ष किया कि लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन उत्तर प्रदेश में जीत हासिल करेगा.

यादव ने कहा था कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से “परिवर्तन की बयार” बह रही है और ‘इंडिया’ गठबंधन गाजियाबाद से गाजीपुर तक प्रचंड जीत दर्ज करेगा. त्रिवेदी ने कहा कि दोनों विपक्षी नेताओं में खुद उत्तर प्रदेश से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने का साहस नहीं है, लेकिन वे दूसरों को आश्वासन दे रहे हैं. उन्होंने कहा, ”हर कोई जानता है कि आएगा तो मोदी ही.” त्रिवेदी ने कहा कि जहां राहुल गांधी ने 2019 में अमेठी से चुनाव हारने के बाद उत्तर प्रदेश छोड़ दिया, वहीं उनकी मां एवं रायबरेली से लोकसभा सदस्य रहीं सोनिया गांधी राज्यसभा चली गई हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu