‘नकली’ शिवसेना संबंधी टिप्पणी पर ठाकरे का पलटवार : कहा, भाजपा ‘बोगस’ जनता पार्टी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 Apr 2024 07:01 PM
‘नकली’ शिवसेना संबंधी टिप्पणी पर ठाकरे का पलटवार : कहा, भाजपा ‘बोगस’ जनता पार्टी
ऑडियो सुनें

छत्रपति संभाजीनगर/हिंगोली. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और उसे ‘बोगस'(फर्जी) जनता पार्टी करार दिया. इससे पहले भाजपा ने उनकी पार्टी को (नकली) शिवसेना बताया था. मराठवाड़ा क्षेत्र में महा विकास आघाडी (एमवीए) उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करते हुए ठाकरे ने पूर्व कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने का जिक्र किया. ठाकरे ने भाजपा पर निशाना साधने के लिए आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाला का मुद्दा उठाया.

उन्होंने कहा कि अशोक चव्हाण को पार्टी में शामिल करके सत्तारूढ. पार्टी भी अब करोड़ों रुपये के आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाले का हिस्सा बन गई है. हिंगोली में शिव सेना (यूबीटी) उम्मीदवार नागेश अष्टिकर के पक्ष में एक रैली को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि ‘चोरों’ (विद्रोह करने वाले शिवसेना विधायकों के संदर्भ में) ने मूल शिवसेना को चुरा लिया, लेकिन वह तब तक चुप नहीं रहेंगे जब तक कि हिसाब बराबर नहीं हो जाए.

ठाकरे ने कहा, “(प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी कहते हैं कि हमारी शिवसेना नकली शिवसेना है. मोदी नहीं जानते कि भाजपा बोगस जनता पार्टी बन गई है.” पूर्व मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा कि अगर उनके खिलाफ कोई ‘विश्वासघात’ नहीं हुआ होता तो वह संभवत: पांच साल बाद किसानों का ऋण माफ कर देते. उन्होंने भाजपा को महाराष्ट्र विरोधी भी करार दिया. ठाकरे ने आदर्श हाउसिंग घोटाला मामले में आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के गृह क्षेत्र नांदेड़ शहर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह मुद्दा उठाया.

आरोप हैं कि दक्षिण मुंबई में 31 मंजिला पॉश इमारत का निर्माण रक्षा मंत्रालय की जमीन पर बिना आवश्यक मंजूरी के किया गया था.
ठाकरे ने आरोप लगाया, “आदर्श घोटाला मामले में अभी अदालत का फैसला नहीं आया है. अब, भाजपा ने अशोक चव्हाण को पार्टी में शामिल कर लिया है और उन्हें राज्यसभा सदस्य बना दिया है. इस तरह, भाजपा भी अब आदर्श घोटाले में शामिल है.” उन्होंने दावा किया कि (भाजपा नेताओं के) वीडियो हैं जिनमें कहा गया है कि आदर्श सोसायटी का गठन किया गया और शहीदों के परिवारों को मूर्ख बनाया गया लेकिन चव्हाण के भाजपा में शामिल होने के बाद मंच पर उनकी भी प्रशंसा की गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu