‘मानसिक बीमारी’ से जूझ रहीं कंगना : कांग्रेस नेता राकेश कुमार सिंह का आरोप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 May 2024 07:49 PM
‘मानसिक बीमारी’ से जूझ रहीं कंगना : कांग्रेस नेता राकेश कुमार सिंह का आरोप
ऑडियो सुनें

मंडी. कांग्रेस नेता राकेश कुमार सिंह ने ‘निजी हमले’ करने के लिए अभिनेत्री और मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी कंगना रनौत की आलोचना करते हुए सोमवार को कहा कि कोई सामान्य व्यक्ति इस तरह के निराधार बयान नहीं दे सकता.

मंडी और जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए कांग्रेस पर्यवेक्षक सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”कंगना मानसिक बीमारी से जूझ रही हैं और इसलिए वह ऐसे निराधार बयान दे रही हैं.” उन्होंने यहां तक कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा को उनकी (कंगना की)’ मनोरोग विभाग में जांच करानी चाहिए.’ सिंह ने कहा कि कंगना रनौत विवादास्पद बयान दे रही हैं और उन्हें इतिहास व राजनीति का बहुत कम ज्ञान है. उन्होंने कहा, ”एक सामान्य व्यक्ति ऐसे बयान नहीं दे सकता.”

कंगना के एक पुराने वीडियो, जिसमें वह कथित तौर पर सुभाष चंद्र बोस को भारत का पहला प्रधानमंत्री कहते हुए नजर आ रही हैं, का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा, ”भाजपा नेताओं को कंगना को इतिहास का थोड़ा ज्ञान देना चाहिए.” उन्होंने कहा, ”यहां तक की दूसरी कक्षा का विद्यार्थी भी जानता है कि जवाहरलाल नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री थे.” सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”कांग्रेस नेताओं पर कंगना के अपमानजनक और व्यक्तिगत हमलों से देवभूमि हिमाचल के लोग आहत महसूस कर रहे हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के दौरान कंगना ने ‘किसान विरोधी’ टिप्पणियां की थीं और इसलिए उन्हें किसानों से माफी मांगनी चाहिए.

राकेश कुमार सिंह ने 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पर्यवेक्षक और 2023 के कर्नाटक चुनाव में समन्वयक की जिम्मेदारी संभाली थी.कंगना ने बीते शुक्रवार को एक चुनावी रैली के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधने के क्रम में गलती से अपनी पार्टी सहयोगी तेजस्वी सूर्या का नाम ले लिया था. इसे लेकर भी सिंह ने अभिनेत्री पर कटाक्ष किया. कांग्रेस पर्यवेक्षक ने कहा कि पार्टी ने युवा और गतिशील नेता विक्रमादित्य सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है. उन्होंने जनता से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की. राज्य की मौजूदा सरकार में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह छह बार के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह एवं कांग्रेस की राज्य इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह के बेटे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu