पोरेल और स्टब्स के अर्धशतकों से दिल्ली का चुनौतीपूर्ण स्कोर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 14 May 2024 09:50 PM
पोरेल और स्टब्स के अर्धशतकों से दिल्ली का चुनौतीपूर्ण स्कोर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 57) और सलामी बल्लेबाजी अभिषेक पोरेल (58) की अर्धशतकीय पारियों के बूते दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में मंगलवार को यहां लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ चार विकेट पर 208 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. स्टब्स ने 25 गेंद की नाबाद पारी में चार छक्के और तीन चौके लगाये.

शुरुआती ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले पोरेल ने 33 गेंद की पारी में पांच चौके और चार छक्के लगाने के अलावा दूसरे विकेट के लिए शाई होप (38) के साथ 49 गेंद में 92 रन की साझेदारी कर टीम को तेज शुरूआत दिलायी. होप ने 27 गेंद की पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाये.

एलएसजी के लिए रवि बिश्नोई ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 26 रन देकर एक विकेट लिया. नवीन उल हक को दो जबकि अरशद खान को एक सफलता मिली लेकिन दोनों काफी महंगे साबित हुए. नवीन ने चार ओवर में 51 तो वहीं अरशन ने तीन ओवर में 45 रन लुटाये. पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद पारी की दूसरी गेंद पर दिल्ली को बड़ा झटका लगा. अरशद ने शानदार लय में चल रहे खतरनाक जेक फ्रेजर-मैकगर्क को खाता खोले बगैर पवेलियन की राह दिखायी.

पोरेल और होप पर हालांकि इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा. पोरेल ने अरशद के खिलाफ छक्का और तीन चौके लगाकर ओवर से 21 रन बटोरने के बाद नवीन की गेंद को दो बार दर्शकों तक पहुंचकर अपने आक्रामक तेवर दिखाये तो वहीं होप ने युद्धवीर सिंह के खिलाफ लगातार गेंदों पर दो चौके और छक्का लगाया. पावरप्ले में दिल्ली ने एक विकेट पर 73 रन बना लिये. पोरेल ने आठवें ओवर में कृणाल पंड्या का स्वागत चौके से करने के बाद एक रन लेकर 21 गेंद में मौजूदा सत्र का अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया.

बिश्नोई ने अगले ओवर में होप से छक्का खाने बाद उन्हें पवेलियन की राह दिखाकर एलएसजी को दूसरी सफलता हासिल की.
इस साझेदारी के टूटने के बाद दिल्ली के बल्लेबाज तेजी से रन बनाने के लिए जूझते दिखे. रनगति को बढ़ाने की कोशिश में पोरेल नवीन की गेंद को निकोल्स पूरन के हाथों में खेल गये.

पिछले मैच में निलंबन के कारण बाहर बैठने वाले कप्तान ऋषभ पंत (23 गेंद में 33 रन) ने इस दौरान दीपक हुड्डा, बिश्नोई और कृणाल के खिलाफ चौके जड़े लेकिन टीम 11वें से 15वें ओवर तक 30 रन ही बटोर सकी. स्टब्स ने अरशद के खिलाफ छक्का और लगातार दो चौके लगकर 16वें ओवर में टीम के स्कोर को 150 रन के पार पहुंचाया लेकिन नवीन ने अगले ओवर में पंत को चलता कर दिया.

स्टब्स ने मोहसिन के खिलाफ एक और नवीन के खिलाफ दो छक्के जड़ 22 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. बिश्नोई 20वें ओवर में युद्धवीर की गेंद स्टब्स और फिर अक्षर पटेल (10 गेंद में नाबाद 14) का मुश्किल कैच पकड़ने में विफल रहे. अक्षर ने जीवनदान का जश्न चौका लगाकर मनाया जिससे टीम का स्कोर 208 रन तक पहुंचा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu