ममता बनर्जी की टिप्पणी के खिलाफ संन्यासियों ने कोलकाता में रैली निकाली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 24 May 2024 08:30 PM
ममता बनर्जी की टिप्पणी के खिलाफ संन्यासियों ने कोलकाता में रैली निकाली
ऑडियो सुनें

कोलकाता. रामकृष्ण मिशन और भारत सेवाश्रम संघ के कुछ साधुओं के खिलाफ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कथित टिप्पणी के विरोध में संन्यासियों ने शुक्रवार को कोलकाता में रैली निकाली. ‘संत स्वाभिमान यात्रा’ नाम से विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने राज्य में संतों की शीर्ष संस्था बंगीय संन्यासी समाज के सदस्यों के साथ मिलकर उत्तरी कोलकाता के बागबाजार से स्वामी विवेकानंद के पैतृक निवास ‘शिमला स्ट्रीट’ तक रैली निकाली.

एक प्रदर्शनकारी संन्यास ने कहा, ”हम अपने खिलाफ माननीय मुख्यमंत्री की टिप्पणियों की निंदा करते हैं. हम अपमानजनक टिप्पणियों से दुखी हैं और अपमानित महसूस कर रहे हैं. वह राज धर्म का पालन नहीं कर रही हैं.” वीएचपी के वरिष्ठ नेता सौरिश मुखर्जी ने कहा, ”वोट बैंक की राजनीति के कारण मुख्यमंत्री रामकृष्ण मिशन और भारत सेवाश्रम संघ जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के खिलाफ ऐसी टिप्पणी कर रही हैं.” हाल में एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टीएमसी प्रमुख पर वोट बैंक की राजनीति के लिए भिक्षुओं को धमकाने का आरोप लगाया था.

मोदी की यह टिप्पणी उपद्रवियों द्वारा जलपाईगुड़ी में रामकृष्ण मिशन (आरकेएम) परिसर में तोड़फोड़ करने और बंदूक की नोक पर संन्यासियों और अन्य कर्मचारियों को धमकी देने के एक दिन बाद आई थी. बनर्जी ने अपने रुख का बचाव करते हुए कहा था कि उन्होंने केवल उन मठ के कुछ विशेष लोगों की आलोचना की है, संस्थानों की नहीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu