भाजपा के बहुमत से दूर रहने के बाद अब गेंद तेदेपा और जद (यू) के पाले में : सौरभ भारद्वाज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jun 2024 04:41 PM
भाजपा के बहुमत से दूर रहने के बाद अब गेंद तेदेपा और जद (यू) के पाले में : सौरभ भारद्वाज
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अपने दम पर बहुमत से दूर रहने के बीच आम आदमी पार्टी (आप)के नेता सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को कहा कि गेंद अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)के सहयोगी एन. चंद्रबाबू नायडू की तेदेपा और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जद(यू) के पाले में है. उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने कभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ विपक्ष को एकजुट किया था.

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) 16 लोकसभा सीट पर आगे है, जबकि बिहार में जनता दल (यूनाइटेड) 14 सीट पर बढ.त बनाए हुए है. भारद्वाज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखे एक पोस्ट में भाजपा को सरकार बनाने से रोकने में तेदेपा और जदयू के नेतृत्व पर भरोसा जताया.

आप नेता ने चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार के हाथ मिलाने की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ”रोचक तथ्य – 2019 में माननीय चंद्रबाबू नायडू ने मोदी के खिलाफ सभी विपक्षी नेताओं को एकजुट करने के लिए उनसे मुलाकात की और 2024 में नीतीश कुमार ने मोदी के खिलाफ सभी विपक्षी नेताओं को एकजुट करने के लिए उनसे मुलाकात की. अब उन पर है.”

मतगणना के शुरुआती रुझानों के मुताबिक, भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लिए अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नहीं आए. भाजपा को उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में भारी नुकसान होता दिख रहा है. हालांकि, ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा सरकार बना लेगी, क्योंकि राजग गठबंधन को 290 से अधिक सीट पर बढ.त है. ओडिशा, तेलंगाना और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में अच्छे प्रदर्शन के बावजूद भाजपा करीब 240 सीट पर सिमटती नजर आ रही है, जो बहुमत के लिये जरूरी 272 के जादुई आंकड़े से कम है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu