लोकसभा चुनाव परिणाम : मंडी से कंगना रनौत, मेरठ में अरुण गोविल आगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jun 2024 06:08 PM
लोकसभा चुनाव परिणाम : मंडी से कंगना रनौत, मेरठ में अरुण गोविल आगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार अभिनेत्री कंगना रनौत सांसद बनने के करीब हैं. निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार कंगना अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह से 73,703 मतों से आगे चल रही हैं. चार बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी अभिनेत्री रनौत को भाजपा ने कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ मैदान में उतारा है.

निर्वाचन आयोग की ओर से शाम 4:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार ‘रामायण’ के राम यानी अभिनेता अरुण गोविल उत्तर प्रदेश की मेरठ लोकसभा सीट पर अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी की सुनीता वर्मा पर 11,398 मतों से बढ़त बनाए हुए थे.
प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी मथुरा से तीसरी बार लोकसभा में पहुंचने की तैयारी कर रही हैं और ताजा आंकड़ों के अनुसार वह कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश धनगर से 2,64,635 मतों से आगे हैं.

वहीं, केरल के त्रिशूर से भाजपा उम्मीदवार और अभिनेता सुरेश गोपी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 74,686 मतों से आगे हैं.
अभिनेता और पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा भाजपा के सुरेन्द्र जीत सिंह अहलूवालिया से 59,453 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं. इनके अलावा फिल्मी हस्तियों में शामिल भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी उत्तर पूर्वी दिल्ली से तथा रवि किशन उत्तर प्रदेश की गोरखपुर सीट से आगे हैं.

मनोज तिवारी कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कन्हैया कुमार से 1,16,884 वोट से आगे चल रहे हैं, जबकि रवि किशन अपने निर्वाचन क्षेत्र में 92,930 मतों से आगे हैं. किशन का मुकाबला समाजवादी पार्टी की काजल निषाद से है. पश्चिम बंगाल में हुगली लोकसभा सीट से भाजपा की लॉकेट चटर्जी पीछे चल रही हैं, जबकि टीएमसी की रचना बनर्जी 34,684 से अधिक मतों से आगे चल रही हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu