अगले महीने गिर सकती है मोदी सरकार: लालू प्रसाद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 05 Jul 2024 09:09 PM
अगले महीने गिर सकती है मोदी सरकार: लालू प्रसाद
ऑडियो सुनें

पटना. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने शुक्रवार को दावा किया कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ‘कमजोर’ है और एक महीने के भीतर ‘गिर’ सकती है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि अस्वस्थ लालू प्रसाद को ‘मतिभ्रम’ हो रहा है. पार्टी ने कहा कि हालिया आम चुनाव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लोगों के विश्वास की पुष्टि है. प्रसाद ने राजद के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में सरकार गिरने का दावा किया. राजद के 28 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

लालू प्रसाद ने कहा, ”मोदी सरकार कमजोर है. यह कभी भी गिर सकती है. यह अगस्त में गिर सकती है.” इस दौरान लालू के छोटे बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी मौजूद थे. प्रसाद ने पार्टी कार्यकर्ताओं से ऐसी किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहने का आग्रह करते हुए कहा कि हाल के लोकसभा चुनावों में राजद ने पांच साल पहले की तुलना में अपनी सीटों की संख्या और वोट प्रतिशत में सुधार किया है.

प्रसाद ने कहा, ”हम काफी समय से बिहार विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी रहे हैं. कई अन्य पार्टियों के विपरीत हमने कभी विचारधारा से समझौता नहीं किया.” उन्होंने यह टिप्पणी ऐसे समय में की, जब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अधिकतर नेता भाजपा के एक कार्यक्रम में थे, जहां बिहार से नवनियुक्त केंद्रीय मंत्रियों को सम्मानित किया जा रहा था.

प्रसाद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा की बिहार इकाई के पूर्व अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने राजद सुप्रीमो पर ‘मतिभ्रम’ का आरोप लगाया और कहा कि वह ”मुंगेरी लाल के हसीन सपने” देख रहे हैं. राय ने कहा, ”लोगों ने मोदी को वोट दिया है, जो अब रिकॉर्ड तीसरी बार सत्ता में हैं. उनके नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में, बिहार में राजग विपक्ष को हराना जारी रखेगा.” लोकसभा चुनावों में भाजपा बहुमत से चूक गई और उसने जद(यू) जैसे सहयोगी दलों की मदद से केंद्र में नयी सरकार का गठन किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu