‘दो लड़कों’ की राजनीतिक ताकत क्या बढ़ी, उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौंसले बुलंद हो गए: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 13 Aug 2024 08:40 PM
‘दो लड़कों’ की राजनीतिक ताकत क्या बढ़ी, उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौंसले बुलंद हो गए: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘दो लड़कों’ की राजनीतिक ताकत में जब से इजाफा हुआ है, उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं. भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में सपा पर अपराधियों को पनाह देने का आरोप लगाया और बलात्कार तथा बलात्कार के प्रयास के आरोप में उससे जुड़े दो लोगों की गिरफ्तारी को लेकर यादव नीत पार्टी पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा कि सपा जहां अपराधियों का ‘बचाव’ कर रही है वहीं विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सदस्य अपने सहयोगियों के आपराधिक तत्वों की रक्षा करने में भी एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं. त्रिवेदी ने कहा, ”दो लड़कों से जुड़े लोग अपराध करते रहे हैं. इन दो लड़कों की ताकत बढ़ने के बाद से अपराधियों का दुस्साहस बढ़ रहा है.” ज्ञात हो कि राज्य में 2017 के विधानसभा चुनाव के लिए अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच गठबंधन के बाद दोनों की जोड़ी ‘उप्र के दो लड़कों’ के रूप में प्रसिद्ध हुई थी. हाल के लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस गठबंधन ने भाजपा नीत राजग के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया था.

उन्होंने एक मामले में आरोपियों का दोष साबित करने के लिए डीएनए परीक्षण की सपा की मांग पर तंज कसते हुए कहा कि अपराधियों के साथ खड़े होना यादव की पार्टी के ‘डीएनए’ में है. क्षेत्रीय पार्टी पर कटाक्ष करने के लिए राज्यसभा सदस्य ने लोकप्रिय कवि और गजलकार अडम गोंडवी की राजनीति के अपराधीकरण पर लिखी एक कविता की पंक्तियां ‘काजू भुने प्लेट में’ का उल्लेख किया और कहा कि यह दर्द आज की समाजवादी पार्टी के ‘असली राजनीतिक डीएनए’ को बताने के लिए पर्याप्त है.

अखिलेश यादव के पिता और सपा संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव का नाम लिए बिना त्रिवेदी ने 2014 के उनके एक बयान ‘लड़कों से गलतियां हो जाया करती है’ का हवाला देते हुए पार्टी पर अपराधियों को समर्थन देने का आरोप लगाया. भाजपा नेता ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर उनके इस रुख के लिए भी निशाना साधा कि अगर स्थानीय पुलिस ने रविवार तक मामले का हल नहीं निकाला तो वह कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल में महिला डॉक्टर के बलात्कार और हत्या का मामला सीबीआई को सौंप देंगी.

मामले की जांच तत्काल सीबीआई को सौंपने की मांग करते हुए त्रिवेदी ने सवाल किया कि क्या इसलिए इतना समय दिया जा रहा है ताकि मामले में हेरफेर किया जा सके. इन अपराधों पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा की ‘चुप्पी’ पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दल ऐसे आपराधिक मामलों में पर्दा डालने का काम कर रहे हैं.

एक सवाल के जवाब में त्रिवेदी ने राहुल गांधी द्वारा खरीदे गए शेयरों के भाव में वृद्धि से हुए कथित फायदे का जिक्र किया और कहा कि उनकी ‘मोहब्बत का दुकान’ अच्छा मुनाफा भी कमा रही है जबकि वह काफी शोर मचा रहे हैं. त्रिवेदी ने एसबीआई, एचएएल और एलआईसी कंपनियों का नाम लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने अक्सर भारतीय अर्थव्यवस्था से जुड़ी प्रमुख कंपनियों को निशाना बनाया है. उन्होंने यूनियन कार्बाइड, बोफोर्स और अगस्ता वेस्टलैंड आदि का हवाला देकर आरोप लगाया कि कांग्रेस अक्सर विदेशी कंपनियों के साथ खड़ी रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu