आंध्रप्रदेश में हुए अग्निकांड की उच्च स्तरीय जांच की जाए : खरगे

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 22 Aug 2024 11:25 AM
आंध्रप्रदेश में हुए अग्निकांड की उच्च स्तरीय जांच की जाए : खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आंध्र प्रदेश में एक फार्मा कंपनी के कारखाने में आग लग जाने की घटना में कई लोगों की मौत पर बृहस्पतिवार को दुख जताया और कहा कि ऐसी घटनाओं से बचने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

उन्होंने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच की भी मांग की। आंध्र प्रदेश के अचुतापुरम में बुधवार को एक फार्मा कंपनी के कारखाने में आग लग जाने की घटना में 17 लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए।
खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में एक फार्मा फैक्ट्री में भीषण आग लगने की घटना से बहुत दुखी हूं, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना।”

उन्होंने कहा कि सरकार को उन्हें तत्काल और पर्याप्त मुआवजा देना चाहिए। खरगे ने कहा, “हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं घायलों के साथ हैं और हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।” उन्होंने कहा, “हमें भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने और पीड़ितों के वास्ते न्याय सुनिश्चित करने के लिए और अधिक निवारक उपाय करने की आवश्यकता है, इसलिए सरकार को उच्च स्तरीय जांच पर तत्परता से काम करना चाहिए।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav