हरियाणा चुनाव : भाजपा का महिलाओं को प्रतिमाह 2,100 रु और अग्निवीरों को सरकारी नौकरी का वादा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 19 Sep 2024 08:56 PM
हरियाणा चुनाव : भाजपा का महिलाओं को प्रतिमाह 2,100 रु और अग्निवीरों को सरकारी नौकरी का वादा
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी किया जिसमें महिलाओं को 2,100 रुपये मासिक सहायता प्रदान करने, युवाओं के लिए दो लाख नौकरियों और राज्य के अग्निवीरों को सरकारी नौकरियां देने का वादा किया गया है.

केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने रोहतक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्रियों मनोहर लाल खट्टर, राव इंद्रजीत और चुनाव घोषणापत्र समिति के प्रमुख कृष्णपाल गुर्जर की उपस्थिति में संकल्प पत्र जारी किया. हरियाणा में अगले महीने होने वाले चुनावों के बाद लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही सत्तारूढ़ भाजपा ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 24 फसलों की खरीद का भी वादा किया है.

हरियाणा में भाजपा सरकार पहले से ही 14 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है. पिछले महीने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के बाद राज्य मंत्रिमंडल ने 10 और फसलें एमएसपी पर खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी. सेना में अल्पकालिक भर्ती से संबंधित अग्निपथ योजना को लेकर विपक्षी दलों की आलोचना का सामना कर रहे नड्डा ने कहा कि हरियाणा से संबंध रखने वाले प्रत्येक अग्निवीर को सरकारी नौकरी दी जाएगी. भाजपा ने घोषणापत्र में जो 20 प्रमुख वादे किए हैं उनमें ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत सभी महिलाओं को 2,100 रुपये प्रति माह देने का वादा भी शामिल है.

सत्तारूढ़ पार्टी ने कांग्रेस सरकार के दौरान कथित भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को बिना ‘खर्ची-पर्ची’ के दो लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी. सत्तारूढ़ भाजपा ने ‘हर घर गृहणी योजना’ के तहत 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने की भी घोषणा की. उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार राज्य में पहले से ही गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) और अंत्योदय परिवारों को हर घर गृहिणी योजना के तहत 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर दे रही है. इस अवसर पर नड्डा ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान हरियाणा प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा है.

उन्होंने पिछली सरकारों के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार और घोटालों का जिक्र करते हुए कहा, “आप स्पष्ट रूप से देख सकते हैं कि हरियाणा बदल गया है और अंतर साफ है.” भाजपा ने विधानसभा चुनावों के बाद सत्ता में आने पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पांच लाख मकान बनाने और ‘अव्वल बालिका योजना’ के तहत ग्रामीण क्षेत्र में कॉलेज जाने वाली प्रत्येक छात्रा को स्कूटर देने का भी वादा किया है. भाजपा के घोषणापत्र में कहा गया है कि देश के किसी भी सरकारी मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाले हरियाणा के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय के छात्रों को छात्रवृत्ति दी जाएगी. नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उस पर चुनाव घोषणापत्र को खाना-पूर्ति दस्तावेज बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए घोषणापत्र महज औपचारिकता है, जिसके जरिए यह जनता को धोखा दे रही है.

नड्डा ने कहा, “अगर हम उन पार्टियों को देखें तो उनका असली घोषणापत्र भूमि घोटाला, कौड़ियों के भाव पर जमीन लेना, किसानों की जमीन छीनना और उसका उपयोग बदलना था. दस साल पहले सरकार की छवि भ्रष्ट थी या नहीं.” उन्होंने कहा, “इसलिए, जब हम घोषणापत्र की बात करते हैं, तो आपको पता होना चाहिए कि यह हमारे लिए कितना महत्वपूर्ण है.” भाजपा के अन्य वादों में नई वंदे भारत ट्रेनें शुरू करना और केंद्र की सहायता से केएमपी ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर स्थापित करना शामिल है. पार्टी ने फरीदाबाद और गुरुग्राम के बीच इंटर-सिटी एक्सप्रेस मेट्रो सेवा शुरू करने का भी वादा किया.

भाजपा ने खरखौदा औद्योगिक शहर की तर्ज पर 10 औद्योगिक शहर स्थापित करने का भी वादा किया और कहा कि प्रत्येक शहर में स्थानीय युवाओं को 50,000 नौकरियां देने के लिए उद्योगपतियों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा. ‘चिरायु-आयुष्मान योजना’ के अंतर्गत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का नि?शुल्क उपचार तथा प्रत्येक परिवार में 70 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजन को 5 लाख रुपये तक के नि?शुल्क उपचार की सुविधा दी जाएगी.

पार्टी ने राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रोत्साहन योजना के माध्यम से पांच लाख युवाओं को रोजगार के अवसर और मासिक वजीफा देने का भी वादा किया. घोषणापत्र के अनुसार, पार्टी पिछड़े वर्गों के लिए कल्याण बोर्ड स्थापित करने के साथ ही उनके कल्याण के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav