मनमोहन सिंह 92 साल के हुए, मोदी ने दी बधाई, कांग्रेस ने दूरदर्शी राजनेता बताया

नयी दिल्ली. देश में आर्थिक सुधारों के प्रणेता पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह बृहस्पतिवार को 92 साल के हो गए और इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा कई अन्य नेताओं ने उन्हें बधाई दी.

कांग्रेस ने मनमोहन सिंह को दूरदर्शी राजनेता बताते हुए कहा कि उनके योगदान को इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा.
सिंह का जन्म 1932 में पंजाब के गाह गांव में हुआ था जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है. सिंह ने 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री के रूप में सेवाएं दीं.

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं. मैं उनके दीघार्यु होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं.” खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “जन्मदिन के अवसर पर मैं पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं. वह राजनीति के क्षेत्र में सादगी, गरिमा और सरलता के एक दुर्लभ व्यक्तित्व के रूप में खड़े हैं. एक ऐसे दूरदर्शी राजनेता, जिनके कार्य शब्दों से अधिक मुखर होते हैं. हम राष्ट्र के प्रति उनके जबरदस्त और अमूल्य योगदान के लिए हृदय से उनके आभारी हैं.”

उन्होंने कहा कि वह सिंह के अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाल और लंबे जीवन की कामना करते हैं .
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ. हमारे देश के भविष्य को आकार देने में आपकी विनम्रता, बुद्धिमत्ता और निस्वार्थ सेवा मुझे और लाखों भारतीयों को प्रेरित करती रहेगी. आपके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करता हूं.” कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मैं पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनके जन्मदिन के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं. डॉ. सिंह के नेतृत्व में, भारत ने यूपीए युग के दौरान अभूतपूर्व विकास, प्रगति और परिवर्तन देखा.” उन्होंने कहा, “साधारण परिवार में जन्म लेने से लेकर देश के सर्वोच्च पद तक का उनका सफर आने वाली पीढि.यों के लिए प्रेरणा है. ”

वेणुगोपाल ने कहा, “आज भी उनकी सलाह और विशेषज्ञता हमारा मार्गदर्शन करती है. अनगिनत हमलों का सामना करने के बावजूद, जैसा कि उन्होंने एक बार कहा था, इतिहास उनके प्रति दयालु रहेगा और भारत के विकास में उनका योगदान इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा.” कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”देश में उदारीकरण एवं आर्थिक सुधारों के प्रणेता व पूर्व प्रधानमंत्री श्री मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. मनमोहन सिंह जी ने जनता को मनरेगा, भोजन का अधिकार, सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार जैसी शानदार कल्याणकारी नीतियां व अधिकार दिए.”

उन्होंने कहा, ”आपके समावेशी विकास के ऐतिहासिक प्रयासों के चलते भारत दुनिया की चुनिंदा आर्थिक शक्तियों में शुमार हुआ. आपकी ईमानदारी, कर्मठता, सादगी एवं विनम्रता हम सबके लिए प्रेरणा है. ईश्वर आपको खूब स्वस्थ और दीर्घायु रखें.” आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ. उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं.” मनमोहन सिंह ने 1991 से 1996 तक तत्कालीन प्रधानमंत्री पी वी नरसिम्हा राव के नेतृत्व वाली सरकार में वित्त मंत्री के रूप में कार्य किया था. उन्हें सरकार द्वारा किए गए आर्थिक सुधारों का प्रमुख वास्तुकार होने का श्रेय दिया जाता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button