कांग्रेस शहरी नक्सलियों की प्रवक्ता बन गयी है: भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Sep 2024 07:08 PM
कांग्रेस शहरी नक्सलियों की प्रवक्ता बन गयी है: भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा

ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को विपक्षी दल कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उसे ‘शहरी नक्सलियों का प्रवक्ता’ बताया और उसपर देश में विभाजनकारी शक्तियों को बढ.ावा देने का आरोप लगाया.
बुद्धिजीवियों की एक बैठक में अपने संबोधन में नड्डा ने जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 को बहाल करने की पैरोकारी करने वालों के साथ चले जाने को लेकर कांग्रेस की आलोचना की और कहा, ”कांग्रेस राष्ट्रवाद भूल गयी है.” ये बुद्धिजीवी भाजपा में शामिल हो गये हैं.

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2019 में अनुच्छेद 370 का निरसन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह में नेतृत्व में हो सका.
नड्डा ने ‘एक देश, दो निशाना, दो विधान और दो प्रधान’ धारणा का विरोध करने वाले जनसंघ संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी और उसके (जनसंघ) की विचारधारा के प्रति भाजपा की कटिबद्धता प्रमुखता से सामने रखी.

कांग्रेस के इतिहास के पन्ने पलटते हुए नड्डा ने कहा कि महात्मा गांधी ने एक बार आजादी के बाद पार्टी को भंग कर देने का सुझाव दिया था , लेकिन इस सुझाव की नेहरू ने अनदेखी की. उन्होंने वामपंथी दलों की भी आलोचना की और दावा किया कि उनमें दिशा का अभाव है तथा वे अक्सर केरल और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में आपसी लड़ाई में लिप्त रहते हैं तथा दिल्ली में फोटो खिंचवाने के लिए एकजुट होते हैं.

महिला अधिकारों के मुद्दों का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने तीन तलाक प्रथा को समाप्त नहीं किया . उन्होंने कहा, ” वे मुस्लिम महिलाओं को मूल अधिकारों से वंचित कर रहे थे.” भाजपा अध्यक्ष ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए मोदी की तारीफ की. दोनों दलों की तुलना करते हुए नड्डा ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विश्वास , सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ सभी के साथ मिलकर काम करती है जबकि कांग्रेस अकेले-अकेले काम करती है.

नड्डा ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी की लोकतांत्रिक संरचना नेताओं को जमीनी स्तर से उठकर ऊपर तक पहुंचने देती है. उन्होंने कहा, ” भाजपा में कोई नेता विशेषाधिकार से पैदा नहीं होता है, बल्कि यह एक पार्टी का कार्यकर्ता होता है जो अपने समर्पण के बल पर ऊपर उठता है.” भाजपा के सदस्यता अभियान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, ” प्रधानमंत्री से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष और सामान्य कार्यकर्ता तक, सभी को जरूरी पुन: पंजीकरण कराना होता है. दो सितंबर को प्रधानमंत्री पार्टी के पहले सदस्य बने, उसके बाद मैं, अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बने. आज इस अभियान में हमारी सदस्यता छह करोड़ को पार कर गई है.”

बेरोजगारी एवं महंगाई को लेकर कांग्रेस नेताओं –राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी द्वारा सरकार की की जा रही आलोचना का जवाब देते हुए नड्डा ने कहा कि भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है और वह खिलौनों एवं मोबाइलों के सबसे बड़े निर्यातकों में एक है. उन्होंने कहा कि दरअसल दोनों भाई-बहन (राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी) को आर्थिक मुद्दों की समझ नहीं है और वे महंगाई एवं बेरोजगारी पर अटके रहते हैं. नड्डा ने आयुष्मान भारत योजना की भी प्रशंसा की जो 55 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य कवरेज प्रदान करती है. उन्होंने कहा कि अक्टूबर से शुरू हो रही इस पहल से शीघ्र ही 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग लाभान्वित होंगे.

भाजपा की लोकप्रियता की चर्चा करते हुए नड्डा ने कहा कि पार्टी ने ‘भाजपा को जानो’ नामक कार्यक्रम शुरू किया है. उन्होंने कहा, ” करीब 70 देशों के राजदूत भाजपा मुख्यालय आये हैं और उन्होंने पार्टी को समझने की कोशिश की. आज दुनिया भाजपा को जानने आ रही है.” ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर पहुंचने पर नड्डा का पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. मुख्यमंत्री मोहन माझी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल, एवं अन्य नेताओं ने हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu