धनबाद. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल जाने के बाद खुद को ”शहीद के तौर पर पेश करने” के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बृहस्पतिवार को आलोचना की और मतदाताओं से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार को सत्ता से हटाने की अपील की.
सिंह ने यहां ‘गोल्फ ग्राउंड’ में परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाने के बाद ‘शहीद’ बनकर घूम रहे हैं. भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में जाना क्या कोई शहादत है?… ऐसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री झारखंड को विकास की ओर नहीं ले जा सकते.” उन्होंने कहा, ”ऐसी ताकतों को बाहर का रास्ता दिखाएं और राज्य के अभूतपूर्व विकास के लिए भाजपा को लगातार दो कार्यकाल दें.”
सिंह ने वर्तमान सरकार पर राजनीतिक लाभ के लिए ”घुसपैठ और धर्मांतरण” को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर झारखंड से सभी बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकाल दिया जायेगा. उन्होंने ”एक देश, एक चुनाव” नीति की भी वकालत की और कहा कि इससे सरकारी खजाने में चार लाख करोड़ रुपये की बचत हो सकती है, क्योंकि बार-बार चुनाव कराने से देश को लगभग सात लाख करोड़ रुपये का नुकसान होता है. सिंह ने विदेशों में भारत की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की और कहा कि भारत अब एक कमजोर देश नहीं है.
उन्होंने पाकिस्तान में भारत की कार्रवाई का संदर्भ देते हुए कहा, ”हम किसी को उकसाते नहीं हैं, लेकिन जो हमें उकसाते हैं, उन्हें छोड़ते भी नहीं हैं.” उन्होंने कहा, ”भारत अब कमजोर राष्ट्र नहीं रहा, हम किसी को उकसाते नहीं हैं लेकिन जो हमें उकसाते हैं उन्हें छोड़ते भी नहीं हैं और लोगों को याद रखना चाहिए कि कैसे हमने पाकिस्तान में घुसकर उन्हें सबक सिखाया था.” भारत के बढ़ते वैश्विक कद पर प्रकाश डालते हुए सिंह ने बताया कि किस प्रकार 22,000 भारतीय छात्रों को बचाने के लिए रूस-यूक्रेन युद्ध को 4.5 घंटे के लिए रोक दिया गया था.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2027 तक अमेरिका और चीन के बाद तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है. सिंह ने आदिवासियों और गरीबों के विकास के लिए झारखंड के निर्माण के उद्देश्य पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सोरेन के नेतृत्व में यह मिशन पूरा नहीं हो पाया है.
उन्होंने कहा, ”भाजपा ने तीन मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और रघुबर दास दिये और किसी पर भी भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा जबकि हेमंत सोरेन पांच साल पूरे करने जा रहे हैं और भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बना रहे हैं.” उन्होंने कहा कि संसाधनों से समृद्ध झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड की तुलना में विकास में पिछड़ गया है.
झामुमो के शासन की आलोचना करते हुए उन्होंने चुटकी ली कि इसका मतलब है ”जमकर मलाई मारो”. सिंह ने जेल से रिहा होने के तुरंत बाद चंपई सोरेन को पद से हटाने के लिए हेमंत सोरेन की निंदा की और दावा किया कि उनका (चंपई सोरेन) एकमात्र दोष ”गरीब और ईमानदार होना” था. उन्होंने झारखंड के खिलाफ केंद्र सरकार के भेदभाव के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि राज्य को रेलवे के बुनियादी ढांचे के लिए 7,000 करोड़ रुपये समेत पर्याप्त धनराशि आवंटित की गई है.