दक्षिणी गाजा में इजराइली हमलों में 51 लोग मारे गए: फलस्तीनी अधिकारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 02 Oct 2024 08:05 PM
दक्षिणी गाजा में इजराइली हमलों में 51 लोग मारे गए: फलस्तीनी अधिकारी
ऑडियो सुनें

दीर अल-बला. दक्षिणी गाजा में इजराइल की ओर से रातभर किए गए हमलों में कम से कम 51 लोग मारे गए हैं जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. फलस्तीन के चिकित्सा अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. हमास के लड़ाकों ने पिछले साल सात अक्टूबर को इजराइल पर हमला किया था जिसके लगभग एक वर्ष बाद भी इजराइल गाजा में हमास के ठिकानों पर हमले कर रहा है. इस बीच हमास के समर्थन में हमला करने के बदले में इजराइल ने लेबनान के आतंकवादी संगठन हिजबुल्ला के खिलाफ जमीनी अभियान शुरू किया है. इस संघर्ष के बीच इजराइल और ईरान के मध्य भी हमले हो रहे हैं. ईरान ने मंगलवार देर रात इजराइल पर बैलेस्टिक मिसाइल से हमला किया .

एक अलग घटनाक्रम में, हिजबुल्ला ने कहा कि उसके लड़ाकों ने लेबनान के सीमावर्ती शहर ओदेसाह में इजराइली सैनिकों के साथ संघर्ष किया जिससे उन्हें पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा. सेना ने दक्षिणी लेबनान के 24 अन्य गांवों को खाली करने की चेतावनी दी, एक दिन पहले भी सेना ने इसी तरह की चेतावनी जारी की थी. संघर्ष के तीव्र होने के कारण हजारों लोग पहले ही अपने घरों को छोड़कर जा चुके हैं.

गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि खान यूनिस में बुधवार सुबह शुरू हुए अभियान में कम से कम 51 लोग मारे गए और 82 घायल हो गए. ‘यूरोपियन हॉस्पिटल’ के रिकॉर्ड से पता चलता है कि मरने वालों में सात महिलाएं और 12 बच्चे शामिल हैं. स्थानीय अस्पतालों के अनुसार गाजा में अलग-अलग हमलों में दो बच्चों सहित 23 अन्य लोग मारे गए. इजराइली सेना ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

निवासियों ने बताया कि इजराइल ने भारी हवाई हमले किए हैं और उसके जमीनी बलों ने खान यूनिस के तीन इलाकों में घुसपैठ की है.
उन्होंने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा, ”विस्फोट और गोलाबारी बहुत ज्यादा थी. मलबे के नीचे कई लोग दबे हुए हैं और कोई भी उन्हें निकाल नहीं पाया.” स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार इजराइल के जवाबी हमले में 41,000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि इनमें कितने लड़ाके थे. उन्होंने कहा कि मारे गए लोगों में आधे से ज्यादा महिलाएं और बच्चे थे.
सेना का कहना है कि उसने 17,000 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया है लेकिन उसने इसके कोई सबूत नहीं दिए.

संरा प्रमुख गुतारेस को इजराइल में घुसने नहीं देंगे : विदेश मंत्री

इजराइल के विदेश मंत्री ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस पर उनके देश के खिलाफ पूर्वाग्रह रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह उनके इजराइल में घुसने पर रोक लगा रहे हैं. विदेश मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि वह एंतोनियो गुतारेस को ”अवांछित व्यक्ति” घोषित कर रहे हैं और उन्हें इजराइल में प्रवेश करने से रोका जाएगा. इस कदम से इजराइल और संयुक्त राष्ट्र के बीच पहले से जारी गतिरोध और बढ़ गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu