महाराष्ट्र में 288 में से 200 सीट को लेकर एमवीए में सहमति बन चुकी है: पवार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Oct 2024 08:48 PM
महाराष्ट्र में 288 में से 200 सीट को लेकर एमवीए में सहमति बन चुकी है: पवार
ऑडियो सुनें

पुणे/रांची. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने बृहस्पतिवार को कहा कि महा विकास आघाडी (एमवीए) के तीनों सहयोगी दलों के बीच महाराष्ट्र में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कुल 288 में से 200 सीट पर आम सहमति बन चुकी है. एमवीए में राकांपा (एसपी), कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) शामिल हैं.

महाराष्ट्र के सतारा जिले के कराड में पत्रकारों से बात करते हुए पवार ने कहा कि हरियाणा चुनाव के नतीजे का महाराष्ट्र के चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा. हरियाणा में कांग्रेस को भाजपा से हार का सामना करना पड़ा है. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, “सीट-बंटवारे की चर्चा में मैं सीधे तौर पर शामिल नहीं हूं. (राकांपा-एसपी की प्रदेश इकाई के प्रमुख) जयंत पाटिल वार्ता में हमारी पार्टी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. उनसे मिली जानकारी के अनुसार, कुल 288 सीट में से लगभग 200 पर सहमति बन गई है.ह्व यह पूछे जाने पर कि सतारा जिले में राकांपा (एसपी) किन सीटों की मांग करेगी, उन्होंने कहा कि सीटों के बंटवारे के बारे में फैसला पाटिल लेंगे.
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी.

हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन की रणनीति के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए पवार ने कहा कि वहां भाजपा की सरकार थी और वह सत्ता बरकरार रखने में कामयाब रही. उन्होंने कहा, “हम हरियाणा का अध्ययन कर रहे हैं, लेकिन साथ ही जम्मू-कश्मीर (चुनावों) के नतीजों पर भी गौर करना होगा. मुझे नहीं लगता कि इसका (हरियाणा के नतीजों का) राज्य (महाराष्ट्र) के चुनावों पर कोई असर पड़ेगा. जहां तक जम्मू कश्मीर का सवाल है तो विश्व समुदाय इस पर ज्यादा ध्यान देता है, लिहाजा जम्मू कश्मीर के नतीजे देश के लिए ज्यादा अहम हैं.”

झारखंड में झामुमो के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, 19 अक्टूबर के बाद पहली सूची जारी होगी: मीर

कांग्रेस झारखंड विधानसभा चुनाव झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के साथ गठबंधन में लड़ेगी और सीट बंटवारे पर जल्द ही अंतिम फैसला होने की उम्मीद है. पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी. कांग्रेस महासचिव और झारखंड के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची 19 अक्टूबर के बाद जारी की जाएगी. झारखंड में चुनाव 13 नवंबर और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे, जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी.

मीर ने कहा, ”2019 की तरह, हम राज्य में अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेंगे. सीट बंटवारे को लगभग अंतिम रूप दे दिया गया है और इस पर जल्द ही अंतिम निर्णय होने की उम्मीद है. हम 19 अक्टूबर के बाद उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेंगे, खासकर हमारे नेता राहुल गांधी के राज्य के दौरे के बाद.” इससे पहले दिन में यहां पहुंचे मीर ने कहा कि पार्टी को राज्य में झामुमो के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के बल पर चुनाव जीतने का भरोसा है.

मीर ने कहा कि राहुल गांधी 19 अक्टूबर को एससी/एसटी और ओबीसी समेत विभिन्न सामाजिक एवं अन्य संगठनों के साथ बैठक करेंगे. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ेगा. झारखंड विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल पांच जनवरी, 2025 को समाप्त होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu