भाजपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Oct 2024 07:09 PM
भाजपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी. पार्टी ने उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को नागपुर दक्षिण-पश्चिम और पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को कामठी से उम्मीदवार बनाया है.

भाजपा की ओर से जारी उम्मीदवारों की इस सूची को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की 16 अक्टूबर को हुई बैठक में अंतिम रूप दिया गया. महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी. पार्टी ने राज्य सरकार में मंत्री सुधीर मुनगंटीवार को बल्लारपुर और पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण की बेटी श्रीजया चव्हाण को नांदेड़ जिले की भोकर विधानसभा सीट से टिकट दिया है. चव्हाण लोकसभा चुनाव से पहले इस साल फरवरी में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे. वह फिलहाल भाजपा के राज्यसभा सदस्य हैं.

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा करीब 160 सीट पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है. बाकी सीटों पर उसके सहयोगी दलों शिवसेना (शिंदे गुट) और अजित पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अपने उम्मीदवार उतारेगी. केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे के बेटे संतोष दानवे को भोकरदन से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि पार्टी की मुंबई इकाई के प्रमुख आशीष शेलार वांद्रे पश्चिम से और राज्य सरकार में मंत्री चंद्रकांत पाटिल कोथरुड से चुनाव लड़ेंगे. मुलुंड से मौजूदा विधायक मिहिर कोटेचा को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है और तीन बार के विधायक राम कदम मुंबई की घाटकोपर पश्चिम सीट से फिर से चुनाव लड़ेंगे.

शेलार के भाई विनोद शेलार को भी भाजपा ने टिकट दिया है. वह मलाड पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे. वरिष्ठ नेता सुभाष देशमुख को सोलापुर दक्षिण से और दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बेटे नितेश राणे को कंकावली से टिकट दिया गया है.
महाराष्ट्र चुनाव के लिए भाजपा की पहली सूची में 13 महिलाएं हैं, जबकि अनुसूचित जनजाति से छह और अनुसूचित जाति से चार उम्मीदवार हैं.

महाराष्ट्र में फिलहाल महायुति गठबंधन की सरकार है, जिसके मुखिया शिवसेना के एकनाथ शिंदे हैं. इस सत्ताधारी गठबंधन में शिवसेना के अलावा भाजपा और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल है. दूसरी तरफ, विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) है. इसमें उद्धव बालासाहेब ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और वरिष्ठ नेता शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) शामिल है.

साल 2019 के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति बिल्कुल बदल गई है. साल 2019 का विधानसभा चुनाव भाजपा और अविभाजित शिवसेना ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बैनर तले साथ मिलकर लड़ा था. राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 165 सीट पर उम्मीदवार उतारे थे और वह 105 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी. शिवसेना ने 126 सीट पर चुनाव लड़ा था और उसे 56 पर जीत मिली थी.

दूसरी तरफ, कांग्रेस ने 147 सीट पर उम्मीदवार उतारे थे और उसे 44 सीट पर जीत मिली थी, जबकि राकांपा को 121 में से 54 सीट पर जीत हासिल हुई थी. इस साल हुए लोकसभा चुनावों में, भाजपा-शिवसेना-राकांपा गठबंधन को झटका लगा था. राज्य की 48 संसदीय सीट में से सत्तारूढ़ गठबंधन को केवल 17 पर जीत मिली थी. वहीं, महा विकास आघाडी (एमवीए) ने राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में 30 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था. एमवीए में शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और राकांपा (शरदचंद्र पवार) शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu