लालू प्रसाद ने अदालत से पासपोर्ट जारी करने का अनुरोध किया, इलाज के लिए जाना चाहते हैं विदेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Jun 2022 08:51 PM
लालू प्रसाद ने अदालत से पासपोर्ट जारी करने का अनुरोध किया, इलाज के लिए जाना चाहते हैं विदेश
ऑडियो सुनें

रांची. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद ने सीबीआई की विशेष अदालत में अपील की है कि उनका पासपोर्ट नवीनीकृत करने के लिए जारी किया जाए क्योंकि संभावित किडनी प्रतिरोपण के लिए उन्हें विदेश यात्रा करने की आवश्यकता हो सकती है. प्रसाद के वकील ने सोमवार को यह जानकारी दी.

झारखंड उच्च न्यायालय ने 22 अप्रैल को प्रसाद (73) को 139 करोड़ रुपये से अधिक के गबन से संबंधित डोरंडा कोषागार मामले में जमानत दी थी. इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने प्रसाद को पांच साल जेल की सजा सुनाई थी.
प्रसाद के वकील प्रभात कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘लालू प्रसाद ने अपने पासपोर्ट के नवीनीकरण के लिए अपील की है.

उन्होंने सीबीआई की विशेष अदालत में अर्जी दायर की है कि उनका पासपोर्ट नवीनीकरण कराने के लिए सौंप दिया जाए. अर्जी में कहा गया है कि नवीनीकरण के बाद पासपोर्ट को अदालत में जमा कर दिया जाएगा.’’ कुमार ने कहा, ‘‘उन्होंने (प्रसाद) अर्जी में कहा है कि यह किडनी की नाकामी का मामला है और उन्हें इलाज या प्रतिरोपण के लिए विदेश जाने की आवश्यकता हो सकती है.’’

अर्जी में कहा गया है, ‘‘अगर डॉक्टर से उपचार के लिए समय मिलता है तो पासपोर्ट जारी करने और इलाज के लिए वह विदेश जाने की अनुमति का अनुरोध करेंगे.’’ कुमार ने कहा कि अर्जी पर 10 जून को सुनवाई होगी. प्रसाद किडनी की समस्या सहित कई बीमारियों से पीड़ित हैं. वह स्टेज-4 किडनी की बीमारी के मरीज हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक प्रसाद की किडनी 20 प्रतिशत क्षमता से काम कर रही है.

वकील ने कहा कि प्रसाद 2009 में चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़े एक मामले के संबंध में डालटनगंज पहुंचे हैं. प्रसाद एक उम्मीदवार के प्रचार के लिए गढ़वा की चुनावी रैली में गए थे और हेलीकॉप्टर निर्धारित स्थान से अलग किसी अन्य स्थान पर उतरा था. कुमार ने कहा कि मामला बाद में रांची और फिर डालटनगंज स्थानांतरित कर दिया गया और प्रसाद को आठ जून को विशेष अदालत में पेश होना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu