महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: बारामती में अजित पवार अपने भतीजे युगेंद्र से 34,118 मतों से आगे

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 23 Nov 2024 12:45 PM
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: बारामती में अजित पवार अपने भतीजे युगेंद्र से 34,118 मतों से आगे
ऑडियो सुनें

बारामती: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने बारामती विधानसभा क्षेत्र में मतगणना के शुरुआती दौर में अपने भतीजे एवं राकांपा (शरद चंद्र पवार) के उम्मीदवार युगेंद्र पवार पर 34,118 मतों की बढ़त हासिल कर ली है।

सातवें दौर की मतगणना के बाद बारामती से आठवीं बार चुनाव लड़ रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख को 65,211 वोट मिले हैं, जबकि पहली बार चुनाव लड़ रहे उनके भतीजे को 31,096 वोट मिले हैं।

बारामती में 20 दौर की मतगणना होगी। सभी की निगाहें राकांपा (एसपी) के प्रमुख शरद पवार के गढ़ बारामती पर हैं क्योंकि यह रोचक मुकाबला परिवार के सदस्यों के बीच है।

इस साल की शुरुआत में हुए लोकसभा चुनाव में राकांपा (एसपी) की नेता सुप्रिया सुले ने अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा को 1.5 लाख से अधिक मतों से हराया था।

पुणे जिले में एक अन्य प्रमुख मुकाबले में, राकांपा उम्मीदवार एवं सत्तारूढ़ पक्ष के विधायक दिलीप वलसे पाटिल अंबेगांव में 10वें दौर की गिनती तक राकांपा (एसपी) के उम्मीदवार देवदत्त निकम से 4,384 मतों से आगे हैं।

वलसे पाटिल को निकम के 49,289 वोट के मुकाबले 53,673 वोट मिले हैं। अंबेगांव में 19 दौर की मतगणना होगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital