शिवसेना विधायकों का मानना है कि शिंदे को मुख्यमंत्री बने रहना चाहिए : केसरकर

मुंबई. महाराष्ट्र सरकार के राज्यमंत्री और शिवसेना नेता दीपक केसरकर ने कहा कि पार्टी विधायकों का मानना है कि एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में काम करना जारी रखना चाहिए. महाराष्ट्र में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन के प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करने के एक दिन बाद, केसरकर ने मुंबई में शिंदे के आवास पर उनसे मुलाकात की.

महायुति गठबंधन में शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना के अलावा भाजपा ओर अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा शामिल है.
केसरकर ने संवाददाताओं से कहा, ”शिवसेना विधायकों का मानना है कि शिंदे को पद पर बने रहना चाहिए, क्योंकि उनके नेतृत्व में महायुति ने बहुत अच्छा काम किया और चुनावों में शानदार प्रदर्शन किया.” हालांकि, उन्होंने कहा कि शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (भाजपा) और अजित पवार (राकांपा) मुख्यमंत्री के मुद्दे पर सर्वसम्मति से निर्णय लेंगे.

सावंतवाड़ी निर्वाचन क्षेत्र से एक और कार्यकाल जीतने वाले केसरकर ने कहा, ”जो भी निर्णय होगा, वह महाराष्ट्र के हित में होगा.” राज्य विधानसभा चुनाव में फडणवीस के नेतृत्व वाली भाजपा द्वारा 288 में से सर्वाधिक 132 सीट जीतने के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी थीं. शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 57 सीट मिली थीं.

फडणवीस ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी भी तरह के विवाद से इनकार करते हुए कहा कि महायुति के नेता मिलकर इस मुद्दे पर फैसला लेंगे. रविवार को राज्य भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने भी फडणवीस की बात दोहराई. उन्होंने कहा, ”सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के नेता और भाजपा नेतृत्व तय करेंगे कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button