सुबह की सैर पर निकले कारोबारी की गोली मारकर हत्या

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 07 Dec 2024 01:27 PM
सुबह की सैर पर निकले कारोबारी की गोली मारकर हत्या
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके में शनिवार सुबह सैर पर निकले एक व्यापारी की दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कृष्णा नगर के रहने वाले 52 वर्षीय सुनील जैन को कई गोलियां मारी गईं और उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बर्तनों का व्यवसाय करने वाले जैन ‘यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स’ से सुबह की सैर कर एक स्कूटी पर घर लौट रहे थे कि तभी फर्श बाजार इलाके में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाईं।

अधिकारी ने बताया कि हमले के बाद आरोपी फरार हो गये। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) प्रशांत गौतम ने घटनास्थल का दौरा किया और बताया कि पुलिस को सुबह आठ बजकर 36 मिनट पर गोलीबारी के बारे में सूचना मिली।

उन्होंने बताया कि जैन के परिवार के सदस्यों के अनुसार, उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और न ही उन्हें कोई धमकी मिली थी। अधिकारी ने बताया, हम सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं। गौतम ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital