भाजपा ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए रेखा शर्मा, रयागा कृष्णैया और सुजीत कुमार को उम्मीदवार बनाया

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 09 Dec 2024 01:41 PM
भाजपा ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए रेखा शर्मा, रयागा कृष्णैया और सुजीत कुमार को उम्मीदवार बनाया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 20 दिसंबर को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को आंध्र प्रदेश से रयागा कृष्णैया, हरियाणा से रेखा शर्मा और ओडिशा से सुजीत कुमार को उम्मीदवार घोषित किया।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण ंिसह की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई। इसमें कहा गया कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों को स्वीकृति प्रदान की गई।
निर्वाचन आयोग ने पिछले महीने चार राज्यों में राज्यसभा की रिक्त छह सीट के लिए 20 दिसंबर को उपचुनाव कराने की घोषणा की थी।

आंध्र प्रदेश में तीन रिक्तियां तब पैदा हुई थीं, जब वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के सदस्य वेंकटरमण राव मोपीदेवी, बीड़ा मस्तान राव यादव और रयागा कृष्णैया ने अगस्त में उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। राज्यसभा सदस्य के रूप में यादव और कृष्णैया का कार्यकाल 21 जून, 2028 को समाप्त होना था जबकि मोपीदेवी को 21 जून, 2026 को सेवानिवृत्त होना था।

ओडिशा में एक रिक्ति तब हुई जब सुजीत कुमार ने अपनी सीट छोड़ दी। इसके बाद उन्हें बीजू जनता दल द्वारा निष्कासित कर दिया गया था। उनका कार्यकाल 2 अप्रैल, 2026 को समाप्त होना था।
भाजपा के कृष्ण लाल पंवार ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में विधायक चुने जाने के बाद हरियाणा से राज्यसभा की अपनी सीट छोड़ दी थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital