चिकित्सक बलात्कार-हत्या प्रकरण: वामपंथी दलों और कांग्रेस ने प्रदर्शन किया

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 14 Dec 2024 04:56 PM
चिकित्सक बलात्कार-हत्या प्रकरण: वामपंथी दलों और कांग्रेस ने प्रदर्शन किया
ऑडियो सुनें

कोलकाता: आरजी कर अस्पताल में एक चिकित्सक से कथित बलात्कार और हत्या के दो प्रमुख संदिग्धों को जमानत मिलने के एक दिन बाद वामपंथी दलों और कांग्रेस ने शनिवार को यहां विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) मामले में न्याय दिलाने में “विफल” रहा है।

कांग्रेस ने दक्षिणी कोलकाता के रवींद्र सदन क्षेत्र से निजाम पैलेस स्थित सीबीआई कार्यालय तक रैली निकाली और मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने में कथित रूप से असमर्थ रहने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसी की आलोचना की।

रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर ‘हम न्याय मांगते हैं’ जैसे नारे लगा रहे थे। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निजाम पैलेस में प्रवेश करने से रोक दिया, जिसके कारण प्रदर्शनकारियों और पुलिसर्किमयों के बीच झड़प हो गई। एसयूसीआई कार्यकर्ताओं ने साल्ट लेक स्थित करुणामयी से सीजीओ कॉम्प्लेक्स तक मार्च निकाला जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की छात्र शाखा एसएफआई ने शहर के उत्तरी हिस्से में कॉलेज स्ट्रीट इलाके में एक रैली निकाली।

कोलकाता की सियालदह अदालत ने शुक्रवार को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष और ताला पुलिस थाने के पूर्व प्रभारी अभिजीत मंडल को ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के बलात्कार और हत्या मामले में जमानत दे दी थी। सीबीआई द्वारा अनिवार्य 90 दिन की अवधि के भीतर उनके खिलाफ आरोपपत्र दायर करने में “विफल” रहने के बाद उन्हें जमानत दी गई थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital