मां की डांट से क्षुब्ध होकर घर से निकली एक किशोरी नदी में मृत मिली

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 16 Dec 2024 01:36 PM
मां की डांट से क्षुब्ध होकर घर से निकली एक किशोरी नदी में मृत मिली
ऑडियो सुनें

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में इस महीने की शुरुआत में अपनी मां की डांट से क्षुब्ध होकर घर से निकली 15 वर्षीय एक लड़की नौ दिनों बाद एक नाले में मृत पाई गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि मोबाइल फोन पर बहुत अधिक समय बिताने के कारण लड़की की मां ने उसे डांटा था जिसके कारण वह घर छोड़कर चली गई थी।

पुलिस के मुताबिक लड़की अपने परिवार के साथ यहां डोंबिवली इलाके में रहती थी। पुलिस के अनुसार उसकी मां ने पांच दिसंबर को उसे मोबाइल फोन पर ज्यादा समय नहीं बिताने और अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने को कहा।

विष्णु नगर थाने के अधिकारी ने बताया कि बाद में लड़की गुस्से में घर से निकल गई। उन्होंने बताया कि उसे नहीं ढूंढ पाने पर उसके परिवार के सदस्यों ने अगले दिन स्थानीय पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने इसके बाद अपहरण के आरोपों पर प्राथमिकी दर्ज की। अधिकारी के अनुसार, पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि पांच दिसंबर को एक लड़की डोंबिवली के मोटागांव पुल से खाड़ी में कूद गई थी।

उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर को एक शव नाले में मिला और उसके परिवार के सदस्यों ने उसकी पहचान की।
पुलिस ने बताया कि शव को बाद में पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया और दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि लड़की की मौत की जांच की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital