
ब्रिसबेन. भारत के अनुभवी आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बुधवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के बीच में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से तुरंत प्रभाव से संन्यास लेने का ऐलान करके क्रिकेट जगत को चौका दिया . उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि अभी उनके भीतर खेल बाकी है .
38 वर्ष के अश्विन ने भारत के लिये अनिल कुंबले (619 विकेट) के बाद 106 मैचों में सर्वाधिक 537 टेस्ट विकेट लिये हैं .आईपीएल में अगले साल चेन्नई सुपर किंग्स के लिये वापसी करने वाले अश्विन क्लब क्रिकेट खेलते रहेंगे . सीमित ओवरों के प्रारूप में वह 2011 विश्व कप और 2013 चैम्पियंस ट्रॉफी विजेता टीम का हिस्सा थे . अश्विन ने ब्रिसबेन में तीसरा टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद कप्तान रोहित शर्मा के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,” मैं आपका अधिक समय नहीं लूंगा . यह भारतीय टीम के क्रिकेटर के रूप में मेरा आखिरी दिन है .” इसके बाद उन्होंने कोई सवाल लेने से इनकार कर दिया और घोषणा करके चले गए .
श्रृंखला में अभी मेलबर्न और सिडनी टेस्ट बाकी है . पांच मैचों की श्रृंखला फिलहाल 1 . 1 से बराबरी पर है . अश्विन बृहस्पतिवार को भारत लौट आयेंगे . संन्यास की घोषणा से पहले उन्हें ड्रेसिंग रूम में विराट कोहली के साथ भावुक होते देखा गया . कोहली ने उनके कंधे पर हाथ रखा था और अश्विन को अपनी आंखें पोछते देखा गया . अश्विन ने एडीलेड में गुलाबी गेंद का टेस्ट खेलकर एक विकेट लिया था . पिछले तीन टेस्ट में अंतिम एकादश में जगह पक्की नहीं देखकर अश्विन ने शायद यह फैसला लिया .
उन्होंने कहा ,” मुझे लगता है कि क्रिकेटर के तौर पर मेरे भीतर अभी पंच बाकी है लेकिन मैं क्लब स्तर पर उसे दिखाना चाहूंगा . मैने अपने कैरियर का पूरा मजा लिया . मेरी रोहित और बाकी खिलाड़ियों के साथ कई यादें हैं .” उन्होंने चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे की ओर इशारा करते हुए कहा ,” उनमें से कुछ पिछले कुछ साल में चले गए . हम आस्ट्रेलिया में भारतीय ड्रेसिंग रूम में उस जमात की आखिरी कड़ी हैं .” अश्विन ने भारत के लिये 116 वनडे खेलकर 156 विकेट लिये जबकि 65 टी20 में 72 विकेट चटकाये . उन्होंने 2010 में वनडे में और 2011 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था .
उन्होंने कहा ,” मुझे कई लोगों को धन्यवाद देना है लेकिन सबसे पहले बीसीसीआई और अपने साथी खिलाड़ियों को धन्यवाद दूंगा . रोहित, विराट, अजिंक्य , पुजारा जिन्होंने विकेट के आसपास कैच लपककर मुझे विकेट दिलाये . आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को भी धन्यवाद जिनके खिलाफ खेलने में मजा आया .” उन्होंने मीडिया को धन्यवाद देते हुए कहा ,” यह भावुक पल है . मुझे माफ कीजिये कि सवाल नहीं ले सकूंगा . मेरे बारे में अच्छा और कभी कभी बुरा लिखने के लिये धन्यवाद .” उनके संन्यास से 2014 श्रृंखला की यादें ताजा हो गई जब तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आस्ट्रेलिया के विजयी बढत लेने के बाद टेस्ट क्रिकेट से विदा ले ली थी .
अश्विन का फैसला भले ही चौकाने वाला रहा हो लेकिन रोहित ने बताया कि पर्थ टेस्ट के दौरान इस बारे में बात हुई थी .
उन्होंने कहा ,” यह उसके दिमाग में था और इस फैसले के पीछे कई कारण है . इसका जवाब वही दे सकता है लेकिन वह समझता है कि टीम क्या सोच रही है .” उन्होंने कहा ,” जब मैं पर्थ पहुंचा तो हमने इस पर बात की और मैने उसे गुलाबी गेंद का टेस्ट खेलने के लिये मनाया . उसके बाद उसे लगा कि अगर श्रृंखला में उसकी फिलहाल जरूरत नहीं है तो वह खेल को अलविदा कह सकता है .” भारत ने पर्थ में वॉशिंगटन सुंदर को उतारा जबकि अश्विन ने एडीलेड टेस्ट खेला और ब्रिसबेन में रविंद्र जडेजा को टीम में जगह मिली .
रोहित ने कहा ,” उसके जैसे खिलाड़ी को जो हमारे लिये मैच विनर रहा है, ये फैसले खुद करने की अनुमति मिलनी चाहिये . उसे लगता है कि यह सही समय है तो ठीक है .’ बीसीसीआई ने एक्स पर अश्विन को शानदार कैरियर पर बधाई देते हुए लिखा ,” अश्विन निपुणता, कौशल, प्रतिभा और नवीनता का पर्याय रहा है .”
क्रिकेट जगत ने संन्यास के बाद अश्विन की तारीफों के पुल बांधे
क्रिकेट जगत के दिग्गज खिलाड़ियों ने बुधवार को ‘सर्वकालिक महान खिलाड़ी’ रविचंद्रन अश्विन की सराहना की जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की. भारतीय टीम के साथ अपने लंबे सफर के दौरान अश्विन ने खेल के विकास के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए अपने खेल में बदलाव करना जारी रखा जिससे महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी प्रभावित हुए.
तेंदुलकर ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”कैरम बॉल को बेहतरीन तरीके से फेंकने से लेकर महत्वपूर्ण रन बनाने तक, आपने हमेशा जीत का रास्ता ढूंढ़ लिया. आपकी यात्रा से पता चलता है कि सच्ची महानता प्रयोग करने और खुद को विकसित करने से कभी नहीं डरने में निहित है. आपकी विरासत सभी को प्रेरित करेगी.” भारतीय टीम में लंबे समय के उनके साथी विराट कोहली ’14 साल की दोस्ती’ को याद करते हुए भावुक हुए तो वर्तमान कोच गौतम गंभीर ने भावी पीढि.यों पर उनके प्रभाव की सराहना की. अजिंक्य रहाणे ने याद दिलाया कि जब वह स्लिप पर खड़े होते थे तो उनकी हर गेंद विकेट लेने वाली लगती थी.
कोहली ने लिखा, ”मैं 14 साल आपके साथ खेला और आज जब आपने मुझे कहा कि आप संन्यास ले रहे हो तो इसने मुझे थोड़ा भावुक कर दिया और इतने साल एक साथ खेलने की यादें मेरे सामने आ गईं.” अश्विन (38 वर्ष) ने गाबा में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट ड्रॉ होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अपने फैसले की घोषणा की. इससे पहले कोहली को ड्रेसिंग रूम में लंबी बातचीत के बाद अश्विन को गले लगाते हुए देखा गया जबकि यह ऑफ स्पिनर अपनी आंसू पोंछ रहा था जिससे उनके संन्यास की अटकलें लगाई जाने लगीं.
कोहली ने कहा ”ऐश (अश्विन) मैंने आपके साथ यात्रा के हर पल का आनंद लिया है, आपका कौशल और भारतीय क्रिकेट में मैच जीतने में योगदान का कोई जवाब नहीं है और आपको हमेशा भारतीय क्रिकेट के दिग्गज के रूप में याद किया जाएगा.” उन्होंने कहा, ”आपके जीवन में आपको अपने परिवार के साथ भविष्य के लिए शुभकामनाएं. आपको और आपके करीबी लोगों को बहुत सम्मान और ढेर सारा प्यार. हर चीज के लिए शुक्रिया दोस्त.” अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 765 विकेट के साथ अश्विन अनिल कुंबले के बाद भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं. अश्विन ने 106 टेस्ट में 24 के औसत से 537 विकेट चटकाए. वह टेस्ट क्रिकेट के सबसे सफल गेंदबाजों की सूची में भी सातवें स्थान पर हैं.
गंभीर ने कहा, ”आपको एक युवा गेंदबाज से आधुनिक क्रिकेट के दिग्गज के रूप में विकसित होते देखने का सौभाग्य कुछ ऐसा है जिसके बदले मैं कुछ और नहीं चाहूंगा. मुझे पता है कि गेंदबाजों की आने वाली पीढि.यां कहेंगी कि मैं अश्विन की वजह से गेंदबाज बना! आपकी कमी खलेगी भाई.” पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने अश्विन के कौशल और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान की सराहना की.
पांच मैच की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में कमेंट्री कर शास्त्री ने लिखा,”ऐश, शानदार करियर के लिए बधाई हो, पुराने दोस्त. कोच के रूप में मेरे कार्यकाल के दौरान आप एक अमूल्य संपत्ति थे और आपने अपने कौशल और कला से खेल को काफी समृद्ध किया.” भारत के सबसे सफल गेंदबाज अनिल कुंबले ने शानदार करियर के लिए अश्विन की सराहना की.
कुंबले ने लिखा, ”आपकी यात्रा असाधारण रही है. 700 से अधिक अंतरराष्ट्रीय विकेट और एक बेहतरीन क्रिकेट दिमाग के साथ, आप मैदान पर खेलने वाले सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं. शानदार करियर के लिए बधाई और मैदान के बाहर आपके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं!” अश्विन की गेंदबाजी के सामने स्लिप में काफी समय बिताने वाले रहाणे ने याद किया कि यह स्पिनर कैसे अपने चतुराई भरी गेंदबाजी से बल्लेबाजों को मुश्किल में डाले रखता था.
रहाणे ने कहा, ”आपकी गेंदबाजी के दौरान स्लिप में खड़ा होना कभी नीरस पल नहीं होता था, प्रत्येक गेंद पर ऐसा लगता था कि मौका आने वाला है. आपके अगले अध्याय के लिए शुभकामनाएं.” अपने समय के आक्रामक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने अश्विन को असली मैच विजेता बताया.
सहवाग ने कहा, ”शानदार करियर के लिए अश्विन को बधाई. आप असली मैच विजेता थे और टेस्ट क्रिकेट में हमारे लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में करियर खत्म करना एक बड़ी उपलब्धि है.” अश्विन के साथ भारत के लिए काफी क्रिकेट खेलने वाले अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने कहा, ”लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट के लिए आपका समर्पण और योगदान इतिहास में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक के रूप में दज.र् किया जाएगा.” उन्होंने कहा, ”पिछले कई वर्षों में हमने मैदान पर और मैदान के बाहर अनगिनत यादें साझा की हैं.” भारत के चौथे सबसे सफल टेस्ट गेंदबाज हरभजन सिंह ने प्रदर्शन में निरंतरता के लिए अश्विन की सराहना की.
हरभजन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”टेस्ट क्रिकेटर के तौर पर आपकी महत्वाकांक्षा सराहनीय थी. एक दशक से भी अधिक समय तक भारतीय स्पिन गेंदबाजी का ध्वजवाहक बने रहने के लिए बधाई. आपकी उपलब्धियों पर बहुत गर्व है और उम्मीद है कि अब आपसे अक्सर मुलाकात होगी.” युवराज सिंह ने भी अश्विन के जज्बे और परिस्थितियों से सामंजस्य बैठाने की क्षमता की सराहना की.
उन्होंने कहा, ”अच्छा खेला ऐश और एक शानदार यात्रा के लिए बधाई! दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को फिरकी जादू में फंसाने से लेकर कठिन परिस्थितियों में मजबूती से खड़े रहने तक, आप टीम के लिए एक वास्तविक संपत्ति रहे हैं. दूसरी तरफ आपका स्वागत है!” पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने भी अश्विन की सराहना की.
उन्होंने कहा, ”गोट (सर्वकालिक महानतम) ने संन्यास लिया. असाधारण करियर के दौरान शानदार काम किया. आपके साथ खेलने पर गर्व है और निश्चित तौर पर आप तमिलनाडु से खेलने वाले सर्वकालिक महान खिलाड़ी हैं. आपको प्यार और परिवार तथा मित्रों के साथ कुछ खाली समय का लुत्फ उठाइए.” पूर्व भारतीय बल्लेबाजों सुरेश रैना और मोहम्मद कैफ ने भी अश्विन की तारीफ करते हए उन्हें क्रिकेट के सबसे तेज दिमाग में से एक बताया. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत ने भी अश्विन के संन्यास के फैसले पर प्रतिक्रिया दी.
हर्शल गिब्स ने लिखा,”सूची मे एकमात्र खिलाड़ी जिसने छह टेस्ट शतक लगाए.” अश्विन (537 विकेट) टेस्ट क्रिकेट में मुथैया मुरलीधरन (800), शेन वार्न (708) और अनिल कुंबले (619) के बाद चौथे सबसे सफल स्पिनर हैं. वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज इयान बिशप ने कहा, ”मुझे खुशी है कि आप आए और इतने लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का हिस्सा रहे, इतनी उत्कृष्टता के साथ. आपने सिखाया, आपने शिक्षित किया और आपने मनोरंजन किया.” इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वान ने लिखा, ”धन्यवाद अश्विन. भारत के लिए आपके खेलने को पसंद किया.”



