एसएसबी ने सीमाओं की सुरक्षा और नक्सलवाद से लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है: शाह

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 20 Dec 2024 01:39 PM
एसएसबी ने सीमाओं की सुरक्षा और नक्सलवाद से लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है: शाह
ऑडियो सुनें

सिलीगुड़ी: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नेपाल एवं भूटान जैसे मित्र देशों से लगीं देश की सीमाओं की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने और बिहार एवं झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में योगदान के लिए शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सराहना की।

शाह ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एसएसबी के 61वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘सशस्त्र सीमा बल ने नेपाल और भूटान जैसे मित्र देशों से लगीं हमारी सीमाओं को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसकी सतर्कता और उपस्थिति ने सिलीगुड़ी कॉरिडोर और पूर्वी क्षेत्र में सुरक्षा की भावना सुनिश्चित की है।’’

वामपंथी उग्रवाद से निपटने में एसएसबी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए गृहमंत्री ने कहा, ‘‘एसएसबी ने बिहार और झारखंड में नक्सलवाद को खत्म करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अन्य सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस के साथ उनके सक्रिय सहयोग ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवादी गतिविधियों को काफी हद तक कमजोर कर दिया है।’’

इस अवसर पर शाह ने बल से सीमा पर आवाजाही के दौरान राष्ट्र विरोधी तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, ‘‘एसएसबी का 61वां स्थापना दिवस राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति हमारे समर्पण की पुष्टि करने का दिन है। एसएसबी के जवानों ने राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए शानदार काम किया है।’’

शाह ने सांस्कृतिक एकीकरण को बढ़ावा देने में एसएसबी की अनूठी पहल की भी सराहना की। उन्होंने कहा, ह्लएसएसबी ने भारत के सीमावर्ती गांवों की संस्कृति, भाषा और विरासत को देश की मुख्यधारा से जोड़कर एक सराहनीय काम किया है। यह पहल देश और सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच संबंधों को मजबूत बनाती है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital