आंबेडकर पर अमित शाह के बयान को नवीन पटनायक ने ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Dec 2024 07:43 PM
आंबेडकर पर अमित शाह के बयान को नवीन पटनायक ने ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. बीजू जनता दल (बीजद) के प्रमुख नवीन पटनायक ने बृहस्पतिवार को कहा कि बी.आर. आंबेडकर के बारे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी ”बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” है. ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक बीजद के 28वें स्थापना दिवस समारोह से इतर संवाददाताओं से बात कर रहे थे.

उन्होंने कहा, ”मेरा मानना है कि डॉ. बी.आर. आंबेडकर जैसे महान व्यक्तित्व पर केंद्रीय गृह मंत्री की टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.” पटनायक ने कहा कि उनकी पार्टी मतपत्र के जरिए चुनाव कराने का समर्थन करती है और उसने ”एक देश एक चुनाव” पर अभी कोई रुख नहीं अपनाया है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इसके तौर-तरीकों की समीक्षा कर रही है.

उन्होंने कहा कि बीजद ने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई है जिसमें 2024 के लोकसभा और ओडिशा विधानसभा चुनावों में डाले गए वोटों में ”असामान्य” बदलाव के दावों की ”सावधानीपूर्वक जांच” मांग की है. इस मामले को लेकर राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि भाजपा इसे लेकर इतनी उतावली क्यों है. अभी तक किसी ने उन पर कोई आरोप नहीं लगाया है. ऐसा लगता है कि यह एक व्यक्ति द्वारा खुद को निर्दोष बताने का उदाहरण है, जबकि उस पर कोई गलत काम करने का आरोप नहीं है.” अपने उत्तराधिकारी के बारे में पूछे जाने पर पटनायक ने कहा, ”मैंने इस बारे में नहीं सोचा है.”

बीजद की हार पर पटनायक ने कहा, “मैं समझता हूं कि कई लोगों के मन में सवाल है कि हम पिछला चुनाव कैसे हार गए. मैं आज उन सवालों का जवाब दूंगा. मैं इस बात पर जोर देना चाहता हूं कि हमने लोगों का विश्वास नहीं खोया है. भाजपा झूठ फैलाकर, खोखले वादे करके और जनता को गुमराह करके सत्ता में आई.” उन्होंने कहा कि इतने झूठ बोलने के बाद भी भाजपा को बीजद से कम वोट मिले हैं. पटनायक ने कहा, “ओडिशा के लोगों को पता चल गया है कि भाजपा झूठ बोलकर सत्ता में आई है.” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजू जनता दल अगले सौ वर्षों तक ओडिशा के लोगों की सेवा करता रहेगा.

उन्होंने वादा किया कि पार्टी केंद्र सरकार के कथित अत्याचारों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी और एक मजबूत क्षेत्रीय पार्टी के रूप में ओडिशा के हितों की रक्षा करेगी. उन्होंने कहा, “मैं मानता हूं कि बीजद उनके झूठ, उनके नकारात्मक अभियान और सोशल मीडिया पर झूठे बयानों का सफलतापूर्वक मुकाबला नहीं कर सका. अब लोगों को एहसास हो रहा है कि वे झूठे वादे करके सत्ता में आए हैं.”

छह महीने पुरानी मोहन चरण माझी सरकार के बारे में पटनायक ने कहा, “पिछले छह महीनों में लोगों पर सबसे बड़ा बोझ महंगाई का रहा है. दालों और चावल से लेकर तेल और सब्जियों तक, सभी आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं. आज हर परिवार इस महंगाई के कारण संघर्ष कर रहा है, धान खरीद में ईमानदारी की कमी के कारण किसान पीड़ित हैं और मिशन शक्ति समूहों की महिलाएं संकट में हैं. लोगों को इतनी परेशानी के बाद, सवाल यह है कि सरकार नींद से कब जागेगी?” आलोचकों को जवाब देते हुए पटनायक ने कहा, “जब 1997 में हमारी पार्टी बनी थी, तो कुछ लोगों ने कहा था कि इसका कोई भविष्य नहीं है. आज भी कुछ आलोचक ऐसा कहते हैं. मेरा मानना है कि बीजू जनता दल का भविष्य उज्ज्वल है. बीजद और इसका चुनाव चिह्न शंख लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu