दिल्ली में कांग्रेस ने की ‘प्यारी दीदी योजना’ की घोषणा, महिलाओं को प्रति माह 2500 रुपये देने का वादा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Jan 2025 08:43 PM
दिल्ली में कांग्रेस ने की ‘प्यारी दीदी योजना’ की घोषणा, महिलाओं को प्रति माह 2500 रुपये देने का वादा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को ‘प्यारी दीदी योजना’ की घोषणा की, जिसके तहत उसने सत्ता में आने पर राष्ट्रीय राजधानी की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता देने का वादा किया है. कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने यहां दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में इस योजना का ऐलान किया. इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव, दिल्ली प्रभारी काजी मोहम्मद निजामुद्दीन, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा, राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक तथा पार्टी के कई अन्य नेता मौजूद थे. दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की यह पहली बड़ी घोषणा है.

इससे पहले, सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पहले ही घोषणा कर चुकी है कि सत्ता में फिर से आने पर वह दिल्ली की महिलाओं को प्रति माह 2100 रुपये की आर्थिक मदद देगी. दिल्ली में 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव अगले महीने होने की संभावना है. शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इसे कर्नाटक मॉडल की तर्ज पर लागू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ‘प्यारी दीदी योजना’ का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है.

उन्होंने वादा किया कि दिल्ली में कांग्रेस के सत्ता में आने पर नयी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही इसे लागू किया जाएगा.
शिवकुमार ने कहा, ”आज मैं यहां ‘प्यारी दीदी योजना’ की शुरुआत करने आया हूं. हमें विश्वास है कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनेगी और नए मंत्रिमंडल के पहले दिन हम राजधानी की प्रत्येक महिला को 2,500 रुपये देने की योजना लागू करेंगे.” उन्होंने कहा, ”कांग्रेस की ताकत देश की ताकत है और कांग्रेस का इतिहास देश का इतिहास है. हम कामना करते हैं कि यह नया साल दिल्ली में बदलाव लाए. मुझे उम्मीद है कि आप सभी दिल्ली में कांग्रेस सरकार लाने में हमारी मदद करेंगे.” काजी निजामुद्दीन ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की, समाज कल्याण और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी यह पहली गारंटी है.

उन्होंने कहा, ”समाज कल्याण और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कांग्रेस हमेशा तत्पर रही है. कर्नाटक में भी सरकार बनते ही कांग्रेस ने समाज कल्याण की अपनी योजना पहली कैबिनेट में तय कर लागू की थी. इसलिए महिला सशक्तिकरण के लिए दिल्ली में कांग्रेस जरूरी है.” देवेंद्र यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में ”एक बहुरूपिया और सपनों का सौदागर” सत्ता पर काबिज है, जो लगातार लोगों को सपने दिखा रहा है.

उन्होंने दावा किया, ”11 साल में दिल्ली बद से बदतर होती जा रही है. उसके दिखाए हर सपने टूटते नजर आ रहे हैं. 11 साल में जिस शिक्षा मॉडल, मुफ्त बिजली-पानी देने, भ्रष्टाचार मिटाने की बात की गई थी, उन सभी पहलुओं पर केजरीवाल जी विफल साबित हुए हैं.” यादव ने कहा, ”हमें खुशी है कि हम आपके सामने ‘प्यारी दीदी योजना’ लेकर आए हैं. आने वाले समय में हम आपके लिए और योजनाएं लेकर आएंगे, जो दिल्ली के लिए बहुत जरूरी हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu