आयरलैंड के खिलाफ श्रृंखला जीतने उतरेगी भारतीय महिला टीम

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 11 Jan 2025 01:37 PM
आयरलैंड के खिलाफ श्रृंखला जीतने उतरेगी भारतीय महिला टीम
ऑडियो सुनें

राजकोट: युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से पहले मैच में आसान जीत दर्ज करने वाली भारतीय महिला टीम आयरलैंड के खिलाफ रविवार को यहां होने दूसरे महिला एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में अपना अच्छा खेल जारी रखकर श्रृंखला में अजेय बढ़त हासिल करने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगी।

अपेक्षाकृत कम अनुभवी टीम उतारने के बावजूद भारत ने पहले वनडे में छह विकेट से जीत दर्ज करके तीन मैच की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बनाई। कप्तान स्मृति मंधाना ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखकर 41 रन बनाकर भारत को ठोस शुरुआत दिलाई जबकि प्रतिका रावल और तेजल हसब्निस ने शतकीय साझेदारी निभाकर टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचाया।

भारत के लिए यह जीत इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर और तेज गेंदबाजी की अगुआ रेणुका ंिसह को विश्राम दिया गया है और वे इस श्रृंखला में नहीं खेल रहे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली श्रृंखला में सर्वाधिक विकेट लेने वाली रेणुका की अनुपस्थिति में टिटास साधु ने अच्छा प्रदर्शन किया जबकि सयाली सतघरे और साइमा ठाकोर ने भी प्रभावशाली गेंदबाजी की। स्पिन विभाग में प्रिया मिश्रा और उप कप्तान दीप्ति शर्मा ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई।

भारत का क्षेत्ररक्षण अच्छा नहीं रहा। उसने लीह पॉल को दो बार जीवनदान दिया जिससे आयरलैंड चार विकेट पर 56 रन से उबरकर 200 से अधिक रन बनाने में सफल रहा। आयरलैंड के लिए कप्तान गैबी लुईस ने 92 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें मध्यक्रम से सहयोग नहीं मिला। पॉल ने भी जीवनदान का फायदा उठाते हुए अर्धशतक जड़ा। आयरलैंड को अगर भारत के सामने कड़ी चुनौती पेश करनी है तो उसके अन्य बल्लेबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

आयरलैंड के लिए सबसे बड़ी निराशा उसका गेंदबाजी आक्रमण रहा। तीन विकेट लेने वाली एमी मैगुइरे को छोड़कर उसके बाकी गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ पाए जिससे भारत ने 15 ओवर शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर दिया।

टीम इस प्रकार हैं:

भारत: स्मृति मंधाना (कप्तान), दीप्ति शर्मा (उप कप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रोड्रिग्स, उमा छेत्री (विकेटकीपर), ऋचा घोष (विकेटकीपर), तेजल हसब्निस, राघवी बिस्ट, मिन्नू मणि, प्रिया मिश्रा, तनुजा कंवेर, तितास साधु, साइमा ठाकोर, सयाली सतघरे।

आयरलैंड: गैबी लुईस (कप्तान), एवा कैंिनग, क्रिस्टीना कूल्टर रीली, अलाना डाल्ज़ेल, लौरा डेलानी, जॉर्जीना डेम्प्सी, सारा फोर्ब्स, अर्लीन केली, जोआना लॉफ्रान, एमी मैगुइरे, लीह पॉल, ओर्ला प्रेंडरगैस्ट, ऊना रेमंड-होए, फ्रेया सार्जेंट, रेबेका स्टोकेल।

मैच सुबह 11 बजे शुरू होगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital