भाजपा ने दिल्ली चुनाव के लिए जारी की चौथी सूची, सौरभ भारद्वाज के खिलाफ शिखा राय को टिकट

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 16 Jan 2025 03:58 PM
भाजपा ने दिल्ली चुनाव के लिए जारी की चौथी सूची, सौरभ भारद्वाज के खिलाफ शिखा राय को टिकट
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बृहस्पतिवार को नौ उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी। पार्टी ने ग्रेटर कैलाश सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज के खिलाफ शिखा राय को मैदान में उतारा है।

इससे पहले, भाजपा ने 70 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए 29-29 प्रत्याशियों की पहली और दूसरी सूची जारी की थी। इसके बाद एक उम्मीदवार की तीसरी सूची जारी की थी। इस प्रकार भाजपा अब तक 68 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। माना जा रहा है कि भाजपा शेष बची दो सीटों में एक सीट सहयोगी जनता दल (यूनाईटेड) को दे सकती है जबकि दूसरी सीट अपने किसी अन्य सहयोगी को दे सकती है।

शिखा राय पेशे से वकील हैं और वह 2020 में ग्रेटर कैलाश से विधानसभा का चुनाव लड़ चुकीं हैं। उन्हें भारद्वाज के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। वह भाजपा की दिल्ली ईकाई में सचिव, महासचिव और उपाध्यक्ष के पद के आलावा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं।

भाजपा ने बवाना से रवीन्द्र कुमार, वजीरपुर से पूनम शर्मा, दिल्ली कैंट से भुवन तंवर, संगम विहार से चंदन कुमार चौधरी, त्रिलोकपुरी से रविकांत उज्जैन, शाहदरा से संजय गोयल और बाबरपुर से अनिल वशिष्ठ को टिकट दिया है। दिल्ली में नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 जनवरी है। मतदान पांच फरवरी को है जबकि मतगणना आठ फरवरी को होगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital