छवि बचाने के लिए आप सरकार केवल कुछ छात्रों को ही दसवीं में प्रोन्नत कर रही है: मोदी

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 03 Feb 2025 04:32 PM
छवि बचाने के लिए आप सरकार केवल कुछ छात्रों को ही दसवीं में प्रोन्नत कर रही है: मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि अपनी छवि बचाने के लिए वह केवल उन्हीं विद्यार्थियों को दसवीं कक्षा में प्रोन्नत (प्रमोट) कर रही है, जिनके बोर्ड परीक्षा पास करने की गारंटी है।

मोदी ने छात्रों के एक समूह के साथ बातचीत में कहा, “मैंने सुना है कि दिल्ली में अगर कोई छात्र नौवीं कक्षा में खराब प्रदर्शन करता है तो उसे 10वीं कक्षा में प्रोन्नत नहीं किया जाता।” प्रधानमंत्री ने बातचीत में कहा, “वे केवल उन्हीं छात्रों को कक्षा 10 में दाखिला देते हैं, जिनके बोर्ड की परीक्षा पास करने की गारंटी होती है। उन्हें डर है कि अगर परिणाम खराब रहे तो उनकी सरकार की छवि खराब हो जाएगी।” इस बातचीत का एक छोटा वीडियो भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर साझा किया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि अरंिवद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने अपने शिक्षा मॉडल को सफल दिखाने के लिए छात्रों के भविष्य से समझौता किया। भाजपा के एक नेता ने कहा, ” परीक्षा परिणामों को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय, उन्होंने छात्रों को परीक्षा का अवसर देने से मना कर दिया, वास्तविक प्रगति के बजाय प्रचार को प्राथमिकता दी।”

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिये पांच फरवरी को मतदान होना है। आठ फरवरी को परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव में ‘आप’, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital