
मेंढर/जम्मू. जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास जंगल में आग लगने के कारण रविवार को कम से कम चार बारूदी सुरंगों में विस्फोट हो गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ. उन्होंने बताया कि मेंढर उपमंडल में बालाकोट सेक्टर के लांजोटे जंगल में दोपहर करीब एक बजे आग लग गई और बारूदी सुरंगों में विस्फोट हो गया.
अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण रेखा से सटे अग्रिम इलाकों में घुसपैठ रोधी बाधा प्रणाली के तहत बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं ताकि आतंकवादियों को देश में घुसने से रोका जा सके. उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है. उन्होंने बताया कि सेना, पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों के संयुक्त प्रयासों से कई घंटों के बाद आग पर काबू पा लिया गया.



